एसआईआर पर भ्रम फैला रही कांग्रेस, दिल्ली रैली के लिए सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप : दर्शना सिंह

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर पर भ्रम फैला रही कांग्रेस, दिल्ली रैली के लिए सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप : दर्शना सिंह


पालमपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा हिमाचल प्रदेश की सह प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कांग्रेस पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चुनावी पराजयों से हताश कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रही है। उन्होंने दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस रैली के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार पर सरकारी मशीनरी और संसाधनों के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया।

सोमवार को पालमपुर में भाजपा संगठनात्मक जिला की बैठक में दर्शना सिंह ने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चुनाव आयोग पर सवाल उठाने के बजाय जनता के सामने अपनी नीतियों और उपलब्धियों को रखना चाहिए।

दर्शना सिंह ने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मत है कि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए और किसी भी पात्र मतदाता के अधिकार प्रभावित नहीं होने चाहिए। मतदाता सूची की पारदर्शिता और शुद्धता लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है।

उन्होंने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एम.एस. गिल को कांग्रेस शासनकाल में केंद्रीय मंत्री बनाए जाने का उल्लेख किया।

धर्मशाला में 30 अक्टूबर को भाजपा की पदयात्रा

दर्शना सिंह ने बताया कि 30 अक्टूबर को धर्मशाला में भाजपा की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा आयोजित की जाएगी। इसमें संगठनात्मक जिला पालमपुर से लगभग 3,000 कार्यकर्ताओं और नागरिकों के भाग लेने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि पदयात्रा के माध्यम से भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून-व्यवस्था और प्रदेश से जुड़े जनहित के मुद्दों को उठाएगी। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की भागीदारी तथा मंडल और बूथ स्तर पर समन्वय को लेकर चर्चा की गई। दर्शना सिंह ने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया।

बैठक में सुलह के विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, भाजपा वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, जिला प्रभारी विनोद ठाकुर, जिला सह प्रभारी पंकज जमवाल, पूर्व विधायक मुल्ख राज प्रेमी और संजीव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767204 Articles

Share this story