भाजपा ने मंगलवार को बुलाई विधायक दल की बैठक, सरकार को घेरने की बनेगी रणनीति

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने मंगलवार को बुलाई विधायक दल की बैठक, सरकार को घेरने की बनेगी रणनीति


शिमला, 03 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा सत्र से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपने विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक 4 अगस्त को शाम सात बजे शिमला में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में होगी।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी और विधायक रणधीर शर्मा ने बताया कि बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश के सभी भाजपा विधायक इसमें हिस्सा लेंगे और विधानसभा सत्र की रणनीति के साथ प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक और जनहित के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

रणधीर शर्मा ने कहा कि बैठक में कांग्रेस सरकार के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। उनके अनुसार भाजपा विधानसभा के भीतर और बाहर सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति तैयार करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने विकास और सुशासन के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध, भ्रष्टाचार और जनविरोधी फैसलों को प्राथमिकता दी है। भाजपा इन सभी विषयों को विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाएगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए प्रशासन का दुरुपयोग किया जा रहा है। उनके अनुसार भाजपा नेताओं, विधायकों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ चुनिंदा मामलों में मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। रणधीर शर्मा ने यह भी कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, सरकारी भर्तियों, ठेकों और प्रशासनिक फैसलों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। साथ ही प्रदेश की आर्थिक स्थिति, रुके हुए विकास कार्य और अन्य जनहित के मुद्दों पर भी सरकार को जवाब देना होगा।

रणधीर शर्मा ने बताया कि बैठक में कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, कर्मचारियों की समस्याएं, किसानों और बागवानों से जुड़े मुद्दे, बंद किए गए संस्थान, बढ़ती महंगाई और कांग्रेस सरकार की नीतियों पर भी चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल इन सभी विषयों को आगामी विधानसभा सत्र में मजबूती से उठाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story