रामपुर से भाजपा प्रत्याशी रहे कौल नेगी का एससी प्रमाण पत्र रद्द : प्रेम सिंह दरैक

WhatsApp Channel Join Now
रामपुर से भाजपा प्रत्याशी रहे कौल नेगी का एससी प्रमाण पत्र रद्द : प्रेम सिंह दरैक


शिमला, 23 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की सुगबुगाहट के बीच भाजपा के पूर्व प्रत्याशी कौल नेगी के अनुसूचित जाति (एससी) प्रमाण पत्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व भाजपा नेता और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी प्रेम सिंह दरैक ने दावा किया है कि उनकी ओर से दायर अपील पर सुनवाई करते हुए एसडीएम सिविल रामपुर ने कौल नेगी का अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र रद्द करने का आदेश दिया है। दरैक ने सोमवार को शिमला में पत्रकार वार्ता कर इस आदेश की जानकारी दी।

प्रेम सिंह दरैक के अनुसार एसडीएम रामपुर के आदेश में 29 अक्टूबर, 2022 को तहसीलदार रामपुर की ओर से जारी आदेश को रद्द किया गया है। इसके साथ ही 16 अगस्त, 2022 को जारी अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र भी रद्द कर दिया गया है। दरैक ने बताया कि आदेश में प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं। उनके अनुसार एसडीएम ने माना है कि प्रमाण पत्र ऐसे अधिकारी ने जारी किया था, जिसके पास इसका क्षेत्राधिकार नहीं था और इसके लिए जरूरी सत्यापन भी नहीं किया गया था।

दरैक के मुताबिक एसडीएम ने तहसीलदार रामपुर को इस रद्दीकरण की जानकारी राजस्व रिकॉर्ड और ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में कौल नेगी को जिला किन्नौर के सक्षम अधिकारी के समक्ष दोबारा अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने का विकल्प भी दिया गया है। दरैक ने कहा कि किन्नौर के राजस्व अधिकारियों की जांच और सुनवाई के बिना किसी व्यक्ति को कोली जाति का प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जा सकता।

पुलिस में शिकायत देने की भी कही बात

प्रेम सिंह दरैक ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह कौल नेगी के खिलाफ कथित फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करवाने के मामले में पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार ने इस मामले में कौल नेगी को संरक्षण दिया था। दरैक ने इसे अनुसूचित जाति के अधिकारों से जुड़ा मामला बताते हुए कहा कि प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में नियमों का पालन होना चाहिए।

इस पूरे मामले में कौल नेगी का पक्ष सामने नहीं आया है। एसडीएम के आदेश और प्रमाण पत्र रद्द किए जाने की जानकारी फिलहाल प्रेम सिंह दरैक की ओर से दी गई है।

नंद लाल के निधन से खाली हुई है रामपुर सीट

रामपुर विधानसभा सीट कांग्रेस का मजबूत गढ़ मानी जाती है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कौल नेगी भाजपा के प्रत्याशी थे। वह कांग्रेस उम्मीदवार नंद लाल से बहुत कम मतों के अंतर से चुनाव हार गए थे। नंद लाल ने इस सीट से लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की थी। पिछले दिनों बीमारी के चलते उनका निधन हो गया, जिसके बाद रामपुर विधानसभा सीट खाली हो गई है।

अब इस सीट पर उपचुनाव की तैयारी और राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव भी लगभग एक साल दूर है। उल्लेखनीय है कि प्रेम सिंह दरैक भी इससे पहले भाजपा के टिकट पर रामपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके हैं, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782079 Articles

Share this story