पेंशनरों के अधिकारों का हनन कर रही सुक्खू सरकार, बुजुर्गों को आंदोलन के लिए किया मजबूर : डॉ. राजीव बिंदल

WhatsApp Channel Join Now
पेंशनरों के अधिकारों का हनन कर रही सुक्खू सरकार, बुजुर्गों को आंदोलन के लिए किया मजबूर : डॉ. राजीव बिंदल


पेंशनरों के अधिकारों का हनन कर रही सुक्खू सरकार, बुजुर्गों को आंदोलन के लिए किया मजबूर : डॉ. राजीव बिंदल


हमीरपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर पेंशनरों और आम जनता की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सुक्खू सरकार की नीतियों के कारण बुजुर्गों को अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। वे बुधवार को हमीरपुर में आयोजित पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के जिला स्तरीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

डॉ. बिंदल ने कहा कि जिन कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपने जीवन के 30 से 40 वर्ष प्रदेश की सेवा में लगाए, आज उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले वित्तीय लाभों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग डेढ़ लाख सेवानिवृत्त कर्मचारियों के चिकित्सा बिल, महंगाई भत्ते (डीए) की किस्तें, एरियर और अन्य देनदारियां लंबित हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि 80 वर्ष की आयु के बुजुर्गों को भी अपने हक के लिए 200 से 400 किलोमीटर की यात्रा कर धरने-प्रदर्शन करने पड़ रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की नीतियों ने पेंशनरों को आर्थिक और मानसिक परेशानी में डाल दिया है। सरकार को सभी लंबित वित्तीय एवं चिकित्सा लाभों का तत्काल भुगतान करना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में महत्वपूर्ण जांच सेवाएं प्रभावित हैं। लैब संचालकों के करोड़ों रुपये के भुगतान लंबित होने के कारण मरीजों को निजी प्रयोगशालाओं में महंगे दामों पर जांच करवानी पड़ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में ऑपरेशनों की संख्या घटकर लगभग एक चौथाई रह गई है। हिमकेयर और आयुष्मान भारत योजनाओं के तहत भी करोड़ों रुपये के भुगतान लंबित हैं, जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि 108 एंबुलेंस सेवा, जो पहाड़ी क्षेत्रों में लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित हुई है, आज भुगतान संबंधी समस्याओं के कारण प्रभावित हो रही है। उन्होंने दावा किया कि कई स्थानों पर मरीजों को एंबुलेंस के लिए दो घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि अस्पतालों में दवाइयों की कमी, जांच सेवाओं में बाधा और स्वास्थ्य योजनाओं के लंबित भुगतान से आम जनता परेशान है।

डॉ. बिंदल ने सरकार से पेंशनरों के सभी लंबित वित्तीय लाभ जारी करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं, हिमकेयर, आयुष्मान भारत और 108 एंबुलेंस व्यवस्था को सुचारू बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा पेंशनरों, कर्मचारियों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772079 Articles

Share this story