कांग्रेस सरकार के खिलाफ अगस्त से प्रदेशव्यापी जनआंदोलन शुरू करेगी भाजपा : डॉ. राजीव बिंदल
शिमला, 25 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की नीतियों के विरोध में भाजपा अगस्त माह से प्रदेशभर में चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश मुख्यालय दीपकमल में आयोजित भाजपा की विशेष बैठक में यह निर्णय लिया गया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि आंदोलन की शुरुआत मंडल स्तर से होगी, जिसके बाद इसे विधानसभा, जिला और प्रदेश स्तर तक विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने चुनाव से पहले जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया, जिससे प्रदेश की जनता अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रदेशभर में कई स्कूलों, कॉलेजों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सरकारी कार्यालयों, पशु चिकित्सालयों तथा अन्य संस्थानों को बंद करने का काम किया है, जिससे विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में सड़कें बदहाल हैं तथा बिजली और पानी के बढ़ते बिलों से आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों, बागवानों, महिलाओं, युवाओं और कर्मचारियों से किए गए वादे अब तक पूरे नहीं किए गए हैं। उनके अनुसार, कांग्रेस ने चुनाव के दौरान कई गारंटियां दी थीं, लेकिन उन्हें धरातल पर लागू नहीं किया गया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा गांव-गांव और घर-घर जाकर जनता को सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों से अवगत कराएगी। उन्होंने कहा कि मंडल स्तर से शुरू होने वाला यह आंदोलन प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों और जिलों तक पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। उनके अनुसार, पार्टी का यह आंदोलन तब तक चलता रहेगा, जब तक कांग्रेस सरकार को सत्ता से हटाया नहीं जाता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

