हिमाचल में कानून नहीं, गुंडाराज : भाजपा

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 25 फ़रवरी (हि.स.)। भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने एआई समिट प्रदर्शन प्रकरण को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दिल्ली पुलिस द्वारा रोहड़ू के तीन युवा कांग्रेस पदाधिकारियों की गिरफ्तारी और उसके बाद धर्मपुर (सोलन) में हिमाचल पुलिस की कार्रवाई को अभूतपूर्व और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

जमवाल ने कहा कि यह पहली बार है जब एक राज्य की पुलिस ने दूसरे राज्य की पुलिस की वैधानिक कार्रवाई में इस प्रकार हस्तक्षेप किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोपियों को पकड़ने आई दिल्ली पुलिस के जवानों को ही हिरासत में लेना कानून-व्यवस्था की विफलता का संकेत है।

उन्होंने कहा कि इसे व्यवस्था परिवर्तन बताना जनता के साथ मज़ाक है और प्रदेश में कानून का राज नहीं, बल्कि गुंडाराज चल रहा है, जहां कांग्रेस से जुड़े लोगों को संरक्षण दिया जा रहा है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि एआई समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि धूमिल करने वाले युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बचाने के लिए प्रदेश सरकार सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि किसके आदेश पर और किस दबाव में यह कार्रवाई की गई।

भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस एक ओर राष्ट्रवाद और संविधान की बात करती है, जबकि दूसरी ओर देश के सम्मान के खिलाफ आचरण करने वालों को संरक्षण देती है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और आने वाले समय में कांग्रेस सरकार को इसका जवाब देना होगा। भाजपा कानून के शासन, राष्ट्रीय सम्मान और संवैधानिक व्यवस्था की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story