आपदा में राजनीति कर रही कांग्रेस, 25 को होगा विधानसभा घेराव : भाजपा

आपदा में राजनीति कर रही कांग्रेस, 25 को होगा विधानसभा घेराव : भाजपा




शिमला, 19 सितम्बर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सुक्खू सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विपक्षी दल भाजपा ने सड़क और उतरने का एलान किया है। भाजपा 25 सितम्बर को शिमला में विधानसभा का घेराव करेगी।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने मंगलवार को कहा है कि कानून व्यवस्था, महंगाई गारंटी, विरोधाभास, बदला बदली की भावना, संस्थान बंद करना, आपदा राहत राशि के वितरण में भेदभाव को लेकर भाजपा विधानसभा का घेराव करेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की छल और कपट की राजनीति के खिलाफ भाजपा 25 सितंबर को विधानसभा शिमला का घेराव करने जा रही है। उन्होंने आरोप जड़ा कि कांग्रेस पार्टी के नेता आपदा में राजनीति कर रहे है यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को हिमाचल प्रदेश में स्थापित हुए 10 महीने हो चुके हैं और जब से कांग्रेस की सरकार हिमाचल प्रदेश में आई है तब से 1000 से अधिक सरकारी संस्थान बंद कर चुकी है, जिसका वह आज तक जवाब नहीं दे पाए।

भाजपा ने डीजल पर 7 रु की कटौती की थी, पर आते ही इस कांग्रेस सरकार ने इसको बढ़ा दिया। बिजली, राशन, तेल महंगा कर महंगाई की मार से हिमाचल प्रदेश की जनता की कमर को तोड़ दिया। आपदा प्रबंधन की दृष्टि से यह सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई है, आपसी विरोधाभास के चलते हिमाचल प्रदेश की जनता प्रभावित हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आपदा राहत राशि के वितरण में भाई भतीजावाद कर रही है। चंबा हत्याकांड अभी तक लोग भूल नहीं पाए है और हिमाचल प्रदेश के कोने कोने से कानून व्यवस्था बिगड़ने के कई उदाहरण सामने आए है। अब तो मुख्यमंत्री के गृह जिला में एक बहन के साथ दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है। यह सरकार हर फ्रंट पर नाकामयाब है।

हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल

/सुनील

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story