ई-बसों के नाम पर एचआरटीसी के तकनीकी पद खत्म करने की तैयारी : भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
ई-बसों के नाम पर एचआरटीसी के तकनीकी पद खत्म करने की तैयारी : भाजपा


शिमला, 25 नवंबर (हि.स.)। भाजपा ने हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के लिए इलेक्ट्रिक बसों की खरीद और उनके रखरखाव का काम निजी कंपनियों को सौंपने की योजना पर सवाल उठाए हैं। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने बुधवार को आरोप लगाया कि पर्यावरण संरक्षण के नाम पर सरकार निजी कंपनियों पर निर्भरता बढ़ा रही है। इससे निगम के मैकेनिकों और तकनीकी कर्मचारियों के पदों पर असर पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से 1000 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने से पहले पहले से खरीदी गई 297 ई-बसों के रखरखाव अनुबंध का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की।

संजय शर्मा ने कहा कि एक इलेक्ट्रिक बस की कीमत में चार से पांच टिकाऊ डीजल बसें खरीदी जा सकती हैं। पहाड़ी और दुर्गम रास्तों के लिहाज से डीजल बसों की उपयोगिता पर भी सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार ने एचआरटीसी के अपने तकनीकी ढांचे को मजबूत करने के बजाय निजी कंपनियों को रखरखाव का काम सौंपने का रास्ता क्यों चुना है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 297 इलेक्ट्रिक बसों के रखरखाव के लिए प्रस्तावित 12 साल के अनुबंध में निजी कंपनी को शुरुआत में 5.31 रुपये प्रति किलोमीटर भुगतान करने की शर्त है। यह दर अलग-अलग चरणों में बढ़कर 18 रुपये प्रति किलोमीटर तक पहुंच जाएगी। उन्होंने पूछा कि लंबे समय तक बढ़ती दरों के आधार पर सरकारी खजाने पर कितना वित्तीय बोझ पड़ेगा और क्या इसकी तुलना निगम के अपने संसाधनों से रखरखाव कराने की लागत से की गई है।

संजय शर्मा ने कहा कि एचआरटीसी के पास प्रशिक्षित तकनीकी कर्मचारी और वर्कशॉप का अपना नेटवर्क है। कर्मचारियों को नई तकनीक का प्रशिक्षण देने और वर्कशॉप आधुनिक बनाने के बजाय निजी कंपनियों पर निर्भरता बढ़ाना निगम के तकनीकी ढांचे के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने यह भी पूछा कि रखरखाव में लापरवाही या तकनीकी खराबी से दुर्घटना होने पर निजी कंपनी और निगम के बीच जवाबदेही कैसे तय होगी। उन्होंने सरकार से नई बसों की खरीद, रखरखाव खर्च और कर्मचारियों के पदों की सुरक्षा को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story