जिला परिषद चुनाव में बगावत पर भाजपा ने हटाये तीन पदाधिकारी
शिमला, 25 मई (हि.स.)। पंचायत चुनावों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। पार्टी ने जिला परिषद चुनाव में अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे तीन पदाधिकारियों को उनके संगठनात्मक दायित्वों से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा और प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल की अनुमति के बाद यह फैसला लिया गया। पार्टी ने साफ कहा है कि अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ना संगठनात्मक अनुशासन के खिलाफ माना गया है और इसे किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिन नेताओं पर कार्रवाई की गई है उनमें नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के काहन सिंह शामिल हैं, जो अनुसूचित जनजाति मोर्चा में मंडल उपाध्यक्ष के पद पर थे। इसके अलावा गुलावंत सिंह, जो मंडल कार्यकारिणी सदस्य थे और शामशेर सिंह शैल, जो किसान मोर्चा मंडल कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे थे, को भी उनके दायित्वों से मुक्त कर दिया गया है।
भाजपा ने कहा है कि पार्टी संगठन, विचारधारा और अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। पार्टी का कहना है कि अनुशासनहीनता के मामलों में आगे भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

