भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण का हुआ समापन

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण का हुआ समापन


सोलन, 16 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान का समापन सोमवार को पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सहजल के समापन सत्र के साथ संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम संगठनात्मक मजबूती और वैचारिक प्रशिक्षण के उद्देश्य से आयोजित किया गया था, जिसमें मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

समापन सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. राजीव सहजल जी ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल मंत्र एकात्म मानववाद है, जिसकी परिकल्पना पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने की थी। इस विचारधारा में सबसे पहले राष्ट्र, उसके पश्चात समाज और परिवार, और अंत में व्यक्ति का स्थान आता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का चिंतन केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे विश्व और पर्यावरण की चिंता भी इसमें समाहित है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता और दायित्व समय के साथ बदलते रहते हैं, लेकिन पार्टी का मूल विचार स्थायी रहता है। प्रधानमंत्री भी इसी वैचारिक आधार पर देश को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता के लिए अपने विचारों से कभी समझौता नहीं करती। हमारे लिए विचार पहले हैं और सत्ता बाद में, हालांकि विचारों को समाज तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए सत्ता भी आवश्यक होती है।

समापन अवसर पर पूर्व प्रत्याशी डॉ. राजेश कश्यप ने धन्यवाद संबोधन करते हुए सभी प्रतिभागियों, मुख्य वक्ताओं तथा आयोजन में सहयोग देने वाले कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सहयोग देने वाले कार्यकर्ताओं को डॉ. राजीव सहजल जी द्वारा सम्मानित भी किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

Share this story