नाहन के डॉ वाई एस परमार मेडिकल कॉलेज को सत्ता में आते ही बनाएंगे रैफरल फ्री : डॉ राजीव बिंदल
नाहन, 07 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन स्थित डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें छोटी-छोटी जांचों के लिए भी दूसरे संस्थानों का रुख करना पड़ रहा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि सिरमौर की जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर मेडिकल कॉलेज के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज को एक शानदार स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा तथा रेफरल व्यवस्था को समाप्त कर इसे सुपर स्पेशियलिटी संस्थान बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में मेडिकल कॉलेज की स्थिति चिंताजनक है। आयुष्मान भारत और हिमकेयर जैसी स्वास्थ्य योजनाओं के कार्ड यहां प्रभावी ढंग से काम नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी महत्वपूर्ण जांचों की सुविधा भी मरीजों को उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इसके चलते लोगों को निजी संस्थानों या अन्य अस्पतालों में जाकर महंगे टेस्ट करवाने पड़ रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि मरीजों को आपातकालीन एंबुलेंस सेवा 108 तक समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकांश एंबुलेंस रेफरल मामलों में व्यस्त रहती हैं, जिससे जरूरतमंद मरीजों को परेशानी उठानी पड़ती है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि नाहन और आसपास के क्षेत्रों की जनता बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचती है, लेकिन पर्याप्त व्यवस्थाओं के अभाव में उन्हें निराश होकर दूसरे अस्पतालों में जाना पड़ता है। उन्होंने इन परिस्थितियों के लिए स्थानीय विधायक को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

