मात्तर स्कूल भवन भाजपा सरकार की देन, कांग्रेस सरकार ने पंचायत में सड़क-पुलों के काम रोके : डॉ. बिंदल
नाहन, 19 अगस्त (हि.स.)।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज नाहन विधानसभा क्षेत्र की दूरदराज मात्तर पंचायत के मात्तर स्कूल पहुंचकर भारी बारिश के कारण गत दिन खड्ड में आई बाढ़ से मात्तर स्कूल के विद्यार्थियों एवं अध्यापकों के फंसने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की।
डॉ. बिंदल ने कहा कि मात्तर स्कूल भवन भाजपा सरकार के कार्यकाल में अथक प्रयासों के बाद बनकर तैयार हुआ था। 12 बीघा भूमि वन विभाग से शिक्षा विभाग के नाम स्थानांतरित करवाकर लगभग 40 लाख रुपये की लागत से स्कूल के शानदार भवन का निर्माण करवाया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के समय पक्की सड़क जीरो पॉइंट तक पहुंचाई गई थी तथा वहां से स्कूल और निचले गांव तक सड़क निर्माण का कार्य भी शुरू किया गया था। मात्तर एवं नालका संभालका में सड़कों, पुलों पेयजल आदि विकास कार्यों हेतु लोक निर्माण विभाग एवं आईपीएच विभाग को करीब 35 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए थे।
डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्ष 2022 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद इन विकास कार्यों को पूरी तरह रोक दिया गया। सड़क का एक इंच भी विस्तार नहीं हुआ और आवश्यक पुलों का निर्माण भी नहीं किया गया। इसके चलते आज ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि कल भारी बारिश के बाद खड्ड में आई बाढ़ में मात्तर स्कूल के विद्यार्थी और शिक्षक फंस गए, जिन्हें हिमाचल होमगार्ड व अन्य बलों की टीम ने रेस्क्यू किया। यह घटना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। यदि सड़क एवं पुलों के निर्माण का कार्य समय पर पूरे किए गए होते तो बच्चों और शिक्षकों को ऐसी जोखिमपूर्ण स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।
डॉ. बिंदल ने प्रदेश सरकार से मांग की कि मात्तर एवं नलका संभालका पंचायत में लंबित सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों को तत्काल शुरू किया जाए और क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

