काला अम्ब-त्रिलोकपुर सड़क की बदहाली पर भाजपा का प्रदर्शन, राजीव बिंदल ने सरकार को घेरा

WhatsApp Channel Join Now
काला अम्ब-त्रिलोकपुर सड़क की बदहाली पर भाजपा का प्रदर्शन, राजीव बिंदल ने सरकार को घेरा


नाहन, 05 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के पुराने औद्योगिक क्षेत्र काला अम्ब में सड़क की खराब हालत, सरकारी संस्थानों में तालाबंदी और अन्य जन समस्याओं को लेकर भाजपा मंडल माता त्रिलोकपुर ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर क्षेत्र की समस्याओं को उठाया।

डॉ. राजीव बिंदल ने काला अम्ब-त्रिलोकपुर सड़क की स्थिति को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं। इस सड़क से प्रसिद्ध माता बालासुंदरी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत खराब होने से लोगों के लिए सफर जोखिम भरा हो गया है।

बिंदल ने कहा कि त्रिलोकपुर सड़क पर कई स्थानों पर जलभराव की समस्या रहती है। सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण और अवैध कब्जों की शिकायतें भी बनी हुई हैं। कालाआम क्षेत्र में कूड़े-कचरे की समस्या से भी स्थानीय लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महत्वपूर्ण सड़क की लंबे समय से उचित मरम्मत नहीं हुई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक क्षेत्र के लोगों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उनके अनुसार, इसी वजह से लोगों को अपनी समस्याएं उठाने के लिए सड़क पर उतरना पड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं, सड़क, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।

बिंदल ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद आम लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं और कई संस्थान बंद हुए हैं। उन्होंने नाहन विधानसभा क्षेत्र के कालाआम का जिक्र करते हुए कहा कि यह क्षेत्र प्रदेश के महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है और सरकार को राजस्व देता है, इसके बाद भी यहां सड़कों की हालत खराब है। उन्होंने कहा कि कई जगह सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं।

उन्होंने त्रिलोकपुर की सड़क का भी जिक्र किया और कहा कि यह प्रसिद्ध सिद्धपीठ है। सड़क की खराब स्थिति से क्षेत्र की छवि प्रभावित हो रही है। बिंदल ने आरोप लगाया कि सरकार और स्थानीय विधायक इन समस्याओं पर कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रहे हैं।

बिंदल ने कहा कि भाजपा पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने बताया कि सितंबर में प्रदेशभर में 190 प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन प्रदर्शनों के माध्यम से जनता की समस्याओं को उठाया जाएगा और सरकार पर कार्रवाई के लिए दबाव बनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story