कांग्रेस और राहुल गांधी हार के सदमे में, चुनाव आयोग पर ठीकरा फोड़ना गलत : डॉ. राजीव बिंदल

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस और राहुल गांधी हार के सदमे में, चुनाव आयोग पर ठीकरा फोड़ना गलत : डॉ. राजीव बिंदल


नाहन, 07 अक्टूबर (हि.स.)। सिरमौर जिला के नाहन बर्मा पापड़ी में 'विकसित भारत संकल्प सेवा ज्योति यात्रा' का आयोजन किया गया। इस विशेष सभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिन्दल ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस और लोकसभा में नेताप्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उनके शीर्ष नेता लगातार मिल रही चुनावी हार के सदमे से उबर नहीं पा रहे हैं और अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए देश भर में चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर हार का ठीकरा फोड़ रहे हैं, जो पूरी तरह से गलत और अलोकतांत्रिक है।

डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार को स्पष्ट चुनौती देते हुए कहा कि अगर कांग्रेस को देश के लोकतंत्र और चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं है, तो उन्हें तुरंत हिमाचल प्रदेश में सत्ता छोड़ देनी चाहिए।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो आयोग सही होता है, लेकिन जब जनता उन्हें नकार देती है तो वे संस्थाओं पर आरोप लगाने लगते हैं। ईवीएम पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस को घेरते हुए बिंदल ने याद दिलाया कि प्रदेश में हाल ही में पंचायती राज, जिला परिषद और अन्य स्थानीय निकायों के चुनाव बैलट पेपर के माध्यम से हुए हैं। इन चुनावों में भी प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया और भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जिताया। इससे साफ है कि समस्या ईवीएम या चुनाव आयोग की नहीं, बल्कि कांग्रेस की जनविरोधी नीतियां हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story