नाहन में साढ़े तीन साल में नहीं हुआ कोई नया विकास कार्य : डॉ. राजीव बिंदल
नाहन, 16 मई (हि.स.)। हिमाचल भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर नाहन की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में शहर में विकास का एक भी नया कार्य शुरू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनता को केवल झूठी गारंटियां और अधूरे वादे दिए हैं।
शनिवार को जारी बयान में डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार न तो नई पार्किंग, पार्क, स्कूल, कॉलेज और अस्पताल शुरू कर पाई और न ही पहले से स्वीकृत परियोजनाओं को आगे बढ़ा सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका की पांच मंजिला बिल्डिंग का निर्माण रोक दिया गया, जबकि अधूरी पार्किंग का उद्घाटन कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि एशियन डेवलपमेंट बैंक के माध्यम से स्वीकृत कई विकास परियोजनाएं भी ठंडे बस्ते में डाल दी गई हैं। डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग खंडहर में तब्दील हो गई है तथा नर्सिंग कॉलेज और माता-शिशु अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी कोई प्रगति नहीं हुई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा नर्सिंग कॉलेज के लिए 70 करोड़ रुपये और माता-शिशु अस्पताल के लिए 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन राज्य सरकार इन योजनाओं को आगे बढ़ाने में विफल रही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनता को बढ़े हुए बिजली बिल और अधूरी गारंटियां दी हैं, जबकि भाजपा विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है। डॉ. बिंदल ने विश्वास जताया कि नाहन की जनता नगर परिषद चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को भारी समर्थन देगी।
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

