नाहन से उठी नशे के खिलाफ हुंकार, पुलिस विभाग ने किया नशे की खिलाफ बाइक रैली से जागरूकता का आयोजन
नाहन, 06 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त हिमाचल’ अभियान को गति देने के लिए जिला प्रशासन सिरमौर ने नाहन ब्लॉक से एक विशेष बाइक जागरूकता रैली की शुरुआत की है। इस रैली का मुख्य उद्देश्य हर गांव, हर घर और हर नागरिक तक नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना है। रैली का फ्लैग-ऑफ करते हुए उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम विभिन्न विभागों के साझा सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। बाइक रैली के जरिए सड़कों, बाजारों और ग्रामीण इलाकों में घूम-घूमकर आम जनता, युवाओं और राहगीरों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिन्त सिंह नेगी ने बतायाकि इस जागरूकता अभियान को केवल नाहन तक सीमित न रखकर जिले के हर विकास खंड (ब्लॉक) में शुरू किया जा रहा है। इस पूरी पहल का मुख्य लक्ष्य समाज के युवाओं, बच्चों और वयस्कों को नशे के चंगुल से बचाना तथा उन्हें एक नशा-मुक्त और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस दौरान बड़े पैमाने पर सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। रैली के माध्यम से जगह-जगह पंपलेट बांटकर, प्रभावशाली नारों और जागरूकता संदेशों के जरिए समाज के हर वर्ग तक सीधी पहुंच बनाई जाएगी, ताकि हर नागरिक नशे के खिलाफ इस लड़ाई में सजग और सतर्क हो सके।
एसपी नेगी ने स्पस्ट किया कि जब तक समाज का हर नागरिक और अभिभावक इस पहल से नहीं जुड़ेगा, तब तक नशामुक्त समाज का सपना पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और हिमाचल को नशा मुक्त बनाने में अपना पूर्ण सहयोग दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

