बिजली बोर्ड ने कालाअंब में डिफाल्टर उपभोक्ताओं से वसूले 1.49 करोड़

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 25 मार्च (हि.स.)। सिरमौर जिला के औद्योगिक क्षेत्र काला अंब में बिजली बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड ने सख्त कार्रवाई की है। लंबे समय से बिलों का भुगतान नहीं करने वाले कई उद्योगों और घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए, जिसके बाद बकायेदारों में हलचल मच गई। इस कार्रवाई के बाद बोर्ड ने कुल 1.49 करोड़ रुपये की बकाया राशि वसूल करने में सफलता हासिल की है।

विद्युत बोर्ड के अनुसार विद्युत उपमंडल कालाअंब के अंतर्गत आने वाले कई औद्योगिक और घरेलू उपभोक्ता लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं कर रहे थे। इसके चलते बोर्ड ने 16 उद्योगों के बिजली कनेक्शन काट दिए। इसके अलावा 52 घरेलू उपभोक्ताओं पर भी इसी तरह की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के बाद उद्योगों से करीब 1.35 करोड़ रुपये की वसूली की गई, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं से लगभग 14 लाख रुपये की राशि जमा करवाई गई। इस तरह कुल मिलाकर 1.49 करोड़ रुपये की रिकवरी की गई है।

विद्युत बोर्ड के एसडीओ महेश चौधरी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन बकाया राशि के कारण काटे गए थे, उनसे भुगतान मिलने के बाद उनके कनेक्शन फिर से बहाल कर दिए गए हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे भविष्य में बिजली के बिल समय पर जमा करें, ताकि इस तरह की कार्रवाई से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story