प्रशिक्षण वर्ग का दूसरा दिन: सिद्धार्थन ने दिया कार्यकर्ता विकास का मंत्र, संजय टंडन ने समझाई भाजपा की कार्यपद्धति

WhatsApp Channel Join Now
प्रशिक्षण वर्ग का दूसरा दिन: सिद्धार्थन ने दिया कार्यकर्ता विकास का मंत्र, संजय टंडन ने समझाई भाजपा की कार्यपद्धति


हमीरपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर के जिला प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन संगठन, विचारधारा, कार्यकर्ता निर्माण और जनसंपर्क से जुड़े विभिन्न विषयों पर बौद्धिक एवं संगठनात्मक सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह-प्रभारी संजय टंडन, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा तथा प्रांत संघचालक वीर सिंह रांगड़ा ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने ‘कार्यकर्ता विकास, क्षमता एवं दायित्व बोध’ विषय पर कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित, अनुशासित और संस्कारित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने व्यक्तित्व, संगठनात्मक कौशल और जनसेवा की भावना को निरंतर विकसित करने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन द्वारा सौंपे गए प्रत्येक दायित्व का निष्ठा और अनुशासन के साथ निर्वहन ही संगठन की सफलता का आधार है।

भाजपा के सह-प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोच्च मानने वाला संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहते हुए जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और संगठन की कार्यपद्धति को व्यवहार में उतारने का आग्रह किया।

प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा ने संगठन विस्तार और बूथ सशक्तीकरण पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास, रोजगार, वित्तीय प्रबंधन और जनहित के कई मुद्दों पर सरकार अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तथ्यों के आधार पर जनता के बीच सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को रखने की बात कही।

प्रांत संघचालक वीर सिंह रांगड़ा ने राष्ट्र प्रथम, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, सामाजिक समरसता और सेवा भाव को भारतीय विचार परंपरा की मूल शक्ति बताते हुए कहा कि वैचारिक रूप से सशक्त कार्यकर्ता ही संगठन को स्थायी मजबूती प्रदान करते हैं। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं ने सभी सत्रों में सक्रिय भागीदारी करते हुए संगठनात्मक विषयों पर संवाद किया। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से समृद्ध, संगठनात्मक रूप से सक्षम और जनसेवा के प्रति अधिक प्रभावी बनाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story