भाई दूज पर बहनों के साथ भाइयों को भी छुट्टी, हिमाचल में सभी सरकारी दफ्तर रहेंगे बंद

WhatsApp Channel Join Now
भाई दूज पर बहनों के साथ भाइयों को भी छुट्टी, हिमाचल में सभी सरकारी दफ्तर रहेंगे बंद


भाई दूज पर बहनों के साथ भाइयों को भी छुट्टी, हिमाचल में सभी सरकारी दफ्तर रहेंगे बंद


शिमला, 10 नवंबर (हि.स.)। भाई-बहन के स्नेह का पर्व भाई दूज मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को इस बार घरों और परिवारों के बीच समय बिताने का मौका मिलेगा। राज्य सरकार ने बुधवार 11 नवंबर को भाई दूज के अवसर पर सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। मंगलवार को जारी अधिसूचना के अनुसार 11 नवंबर को प्रदेश के सभी सरकारी विभागों, बोर्डों, निगमों, स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छुट्टी रहेगी। इस फैसले से महिला कर्मचारियों के साथ पुरुष कर्मचारियों को भी भाई दूज का त्योहार मनाने के लिए अवकाश मिलेगा।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि 11 नवंबर को भाई दूज के अवसर पर प्रदेश सरकार के अधीन सभी विभागों और संस्थानों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। यह छुट्टी परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 25 के तहत सार्वजनिक अवकाश की श्रेणी में नहीं आएगी।

एचआरटीसी बसों में भी मुफ्त सफर करेंगी महिलाएं

भाई दूज पर महिलाओं को सरकारी एचआरटीसी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा भी मिलेगी। प्रदेश में महिलाएं सूर्योदय से सूर्यास्त तक सरकारी एचआरटीसी बसों में निशुल्क सफर कर सकेंगी। इस सुविधा से बहनों को अपने भाइयों के घर पहुंचकर त्योहार मनाने में मदद मिलेगी। सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा के साथ कार्यालयों में छुट्टी मिलने से महिलाओं को त्योहार मनाने के लिए अतिरिक्त सहूलियत मिलेगी। ये सुविधा बीते कई वर्षों से बहनों को मिल रही है।

रक्षाबंधन और करवा चौथ पर भी घोषित हुई थी छुट्टी

हिमाचल सरकार इससे पहले रक्षाबंधन और करवा चौथ के अवसर पर भी सरकारी कार्यालयों में अवकाश घोषित कर चुकी है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इन त्योहारों पर छुट्टी के फैसले को लेकर कहा था कि पहले रक्षाबंधन और भाई दूज पर केवल महिला कर्मचारियों को अवकाश मिलता था, लेकिन अब पुरुष कर्मचारियों को भी इन दिनों छुट्टी दी जाएगी। सरकार ने इसी व्यवस्था के तहत इस बार भाई दूज पर सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774867 Articles

Share this story