सिरमौर : भूर्शिंग महादेव मंदिर पच्छाद में श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञानयज्ञ शुरू
नाहन, 07 जून (हि.स.)। जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल के लोगों के आराध्य देव भूर्शिंग महादेव मंदिर में रविवार से कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञानयज्ञ का शुभारंभ हुआ। मोहाना निवासी एवं सर्वोच्च न्यायालय दिल्ली के वरिष्ठ अधिवक्ता जेएस अत्री एवं पुत्र अधिवक्ता विवेक अत्री अपने परिजनों के साथ इस महापुराण ज्ञान यज्ञ का आयोजन क्षेत्र की सुख समृद्धि और प्रदेश के जनकल्याण के लिए करवा रहे हैं।
कथा वाचक आचार्य व्यास चंद्रशेखर चंडी वाले रविवार से 14 जून तक श्रद्धालुओं को कथा का रसपान करवाएंगे। रविवार को प्रातः 10:30 बजे कलश यात्रा शुरू हुई, कलश यात्रा में पच्छाद उपमंडल के सैकड़ो पुरुषों और महिलाओं ने भाग लिया। दोपहर 2:00 से 4:00 बजे तक कथा सुनाई गए। 4:00 बजे से देर शाम तक श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसाद वितरित किया गया। शाम 7:30 से 9:00 बजे तक संध्या कीर्तन आयोजित हुआ। वहीं 8 से 13 जून तक प्रतिदिन सुबह मूल पाठ एवं पूजन होगा। 11 से 12:30 बजे तक भजन सकीर्तन होगा। 12:30 बजे से 4:00 बजे तक आचार्य व्यास द्वारा कथा सुनाई जाएगी। 4:00 बजे से देर शाम तक भंडारा प्रसाद वितरित किया जाएगा। 14 जून को प्रातः 10:00 बजे हवन यज्ञ पूर्णाहुति होगी। 11 से 1:00 बजे तक कथा प्रवचन होगा तथा 1:00 बजे से देर शाम तक भंडारे का प्रसाद वितरित किया जाएगा। भूर्शिंग महादेव मंदिर समिति के अध्यक्ष मदन मोहन अत्री ने जिला सिरमौर के सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वह श्रीमद् भागवत कथा में पहुंचकर कथा का रसपान करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

