बच्चे लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम से जीवन में सफलता अजिर्त करें : अपूर्व देवगन

WhatsApp Channel Join Now

मंडी, 10 जुलाई (हि.स.)। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें तथा उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन, अनुशासन और निरंतर कठिन परिश्रम करें। उन्होंने कहा कि आज का समर्पित प्रयास ही कल के उज्ज्वल भविष्य की नींव बनता है।

उपायुक्त शुक्रवार को अपने कार्यालय में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, मंडी द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बगला की जमा एक एवं जमा दो की छात्राओं के एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के दौरान उनसे संवाद कर रहे थे। उन्होंने छात्राओं से कहा कि यदि वे अपने जीवन के लक्ष्य को लेकर गंभीर हैं, तो आज से ही पूरी निष्ठा के साथ मेहनत शुरू करें। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन 10 से 12 घंटे नियमित एवं योजनाबद्ध अध्ययन करने, समय का सदुपयोग करने तथा लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर छात्राओं ने उपायुक्त से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सरल एवं प्रेरणादायक ढंग से उत्तर दिया। छात्राओं ने जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस एक्सपोजर विजिट को अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसके लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भारतीय स्टेट बैंक की गांधी चौक शाखा का भ्रमण किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story