नाहन बीडीसी पर भाजपा का कब्जा, रमेश चौधरी अध्यक्ष एवं माया देवी उपाध्यक्ष निर्वाचित
नाहन, 10 जून (हि.स.)। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में आज खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय सभागार में नाहन पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव को बैठक रखी गई थी। पंचायत समिति के 15 वार्डों से सदस्य हैं जिनमें से 11 सदस्य मौजूद थे। क्योंकि बैठक का कोरम पूरा था इसलिए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए चुनाव प्रक्रिया आरंभ की गई। इसमें भाजपा समर्थित रमेश को अध्यक्ष और माया देवी को उपाध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। चार कांग्रेस समर्थित सदस्य बैठक में शामिल नहीं हुए।
पीठासीन अधिकारी एवं एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने इन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया और फिर उन्हें संविधान की शपथ दिलाई गई।
एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने बताया कि आज पंचायत समिति के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का चुनाव होना था जिसमें रमेश चंद को अध्यक्ष और मायादेवी को उपाध्यक्ष घोषित किया गया है और नियम अनुसार इन्हें संविधान की शपथ भी दिलाई गई है।
उधर नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश चन्द्र ने इस जीत का श्रेय भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल को देते हुए कहा कि विकास कार्यों के लिए वो पुरजोर काम करेंग।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भाजपा समर्थित नाहन खण्ड विकास समिति के गठन की समस्त क्षेत्र वासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी है।
डॉ. बिन्दल ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की जन विरोधी नीतियों और निर्णयों से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय से लेकर पंचायती राज चुनाव में जनता ने कांग्रेस के खिलाफ अपना जनमत दे दिया है और प्रदेश में कॉंग्रेस सरकार जाने वाली है और भाजपा सरकार आने वाली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

