सिरमौर में चला भाजपा का जादू, तीन मंडलों की बीडीसी पर कब्जा

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 16 जून (हि.स.)। सिरमौर जिले की राजनीति में भाजपा ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन करते हुए तीन भाजपा मंडलों की बीडीसी पर कब्जा जमा लिया है। बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में मिली इस सफलता के बाद भाजपा खेमे में जश्न का माहौल है। पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को माला पहनाकर सम्मानित किया तथा जीत पर शुभकामनाएं दीं।

सुखराम चौधरी ने कहा कि बीडीसी चुनाव परिणामों ने स्पष्ट कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों की जनता भाजपा की विकासवादी नीतियों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल में प्रदेश की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है और यही वजह है कि पंचायत स्तर पर भी लोगों ने भाजपा पर भरोसा जताया है।

उन्होंने कहा कि सिरमौर जिले के तीन भाजपा मंडलों में बीडीसी पर भाजपा का कब्जा होना कोई सामान्य राजनीतिक घटना नहीं है, बल्कि यह प्रदेश सरकार के खिलाफ जनता के मूड का स्पष्ट संकेत है। चौधरी ने दावा किया कि आने वाले दिनों में पांवटा साहिब नगर परिषद में भी भाजपा अपना परचम लहराएगी।

सुखराम चौधरी ने कहा कि जनता जानती है कि विकास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के मामले में भाजपा की कार्यशैली बेहतर रही है। यही कारण है कि लोग वर्ष 2027 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का मन बना चुके हैं। उन्होंने सभी 35 बीडीसी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि अब राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर काम करने का समय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story