बायनाड़ टनल भूसख्लन मलबे में लापता मंडी के राहुल का शव मिला

WhatsApp Channel Join Now
बायनाड़ टनल भूसख्लन मलबे में लापता मंडी के राहुल का शव मिला


बायनाड़ टनल भूसख्लन मलबे में लापता मंडी के राहुल का शव मिला


मंडी, 09 जुलाई (हि.स.)। केरलम के बायनाड़ में बीते मंगलवार को टनल निर्माण कार्य के पास हुए भारी भूसख्लन की चपेट में आकर लापता हुए हिमाचल के दो इंजीनियरों में से एक मंडी जिले के डोह रिवालसर के राहुल शर्मा का शव गुरूवार को बरामद हो गया। दो दिन के लगातार मलबा हटाने के कार्य के बाद उनका शव बरामद होने से परिवार को जो उम्मीदें थी वह सब धराशायी हो गई। शव मिलने की खबर से किसी चमत्कार की उम्मीद में बैठे परिजनों में कोहराम मच गया।

30 साल के राहुल का शव पोस्टमार्टम के बाद वहां पर पहुंचे उसके पिता रूप देव शर्मा, मामा राम वीर शर्मा को सौंप दिया। अब पार्थिव शरीर को मंडी लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बायनाड़ पहुंचे मृतक राहुल शर्मा के मामा रामवीर से फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने कहा कि मंगलवार को मलबे से शव मिला है। उसके बाद पोस्टमार्टम करवाया गया और अब शव उनके हवाले कर दिया गया है। इसे मंडी लाने के लिए कंपनी, प्रशासन व केरलम सरकार के प्रतिनिधि इंतजाम करने में लगे हैं। उम्मीद है कि शुक्रवार देर रात या शनिवार तक शव पैतृक गांव डोह रिवालसर पहुंच जाएगा।

राहुल के अलावा एक अन्य इंजीनियर विक्रम राणा जो टकोली फतेहपुर कांगड़ा के रहने वाले हैं व 59 साल के हैं वह भी इस परियोजना में परियोजना प्रबंधक के तौर पर कार्य कर रहे थे। वह भी लापता हैं। उनका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। बताया गया कि उसके दो भाई भी बायनाड़ पहुंच चुके हैं। वहां पर लगातार बारिश होने के चलते राहत कार्य में लगी टीमों को परेशानी आ रही है। मलबा भी लगातार गिरने की सूचनाएं हैं।

इधर, राहुल के घर में मातम छाया हुआ है। उसकी शादी इसी साल मार्च में हुई थी तथा उसकी पत्नी जिसका मायका क्षेत्र के ही गांव खखरयाना में है वह भी साथ ही है। उसका भाई भी दुबई से बायनाड़ पहुंच गया। घर में मां व अन्य परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। बताया गया कि मंगलवार को हादसे से पहले राहुल की अपने पिता रूप देव शर्मा से बातचीत हुई थी मगर उसके बाद यह हादसा हो गया। जिला प्रशासन भी इस प्रकरण पर पूरी नजर रखे हुए हैं। पूरे इलाके में इस हादसे से शोक की लहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story