नाहन के इंडोर स्टेडियम में बास्केटबॉल पोल लगाने की मांग, उपायुक्त से लगाई गुहार

WhatsApp Channel Join Now
नाहन के इंडोर स्टेडियम में बास्केटबॉल पोल लगाने की मांग, उपायुक्त से लगाई गुहार


नाहन, 07 अगस्त (हि.स.)। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के चम्बा ग्राउंड में बने बहुउद्देश्यीय इंडोर स्टेडियम में बास्केटबॉल के मूवेबल पोल लगाने को लेकर विवाद सामने आया है। जिला बास्केटबॉल संघ ने इस मामले में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा से मुलाकात कर जल्द पोल लगाने की मांग की है। संघ का कहना है कि पोल नहीं होने से खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास में दिक्कत आ रही है, जबकि बैडमिंटन क्लब इसका विरोध कर रहा है।

जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से बने इस बहुउद्देश्यीय इंडोर स्टेडियम में समय-समय पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं और खिलाड़ी यहां अभ्यास भी करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की अधिकांश बास्केटबॉल प्रतियोगिताएं इंडोर स्टेडियम में होती हैं। इसी कारण नाहन के इस स्टेडियम में मूवेबल बास्केटबॉल पोल लगाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि ये पोल पहियों पर लगे होते हैं और जरूरत के अनुसार आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाए जा सकते हैं।

सुशील कुमार शर्मा ने कहा कि बैडमिंटन क्लब की ओर से इन पोल का विरोध किया जा रहा है, जबकि यह स्टेडियम किसी एक खेल के लिए नहीं, बल्कि सभी खेलों के लिए बनाया गया है। उनके अनुसार सभी खेल संघों को आपसी सहयोग और तालमेल के साथ इस सुविधा का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिरमौर के बास्केटबॉल खिलाड़ियों का प्रदर्शन राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अच्छा रहा है। ऐसे में इंडोर स्टेडियम में अभ्यास की सुविधा मिलने से खिलाड़ियों के प्रदर्शन में और सुधार होगा। जिला बास्केटबॉल संघ ने उपायुक्त से इस मामले में जल्द समाधान निकालने और स्टेडियम में मूवेबल बास्केटबॉल पोल लगाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story