भाजपा ने बाबा कमलाहिया मंदिर कमेटी पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने बाबा कमलाहिया मंदिर कमेटी पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप


मंडी, 01 मई (हि.स.)। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य रजत ठाकुर ने बाबा कमलाहिया मंदिर कमेटी पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि 4 अप्रैल से 9 अप्रैल तक धर्मपुर और संधोल में आयोजित मेलों के दौरान बाबा के साथ रखी गई दान पेटी और उसके बाद संधोल मेलों में रखी गई दान पेटी का पैसा आज दिन तक सरकारी खाते में जमा नहीं किया गया है, जिसे कमेटी के तीन लोगों ने बिना किसी सरकारी कर्मचारी की देख रेख के अपने स्तर पर अपनी मर्जी से पेटी को सराय भवन में ले जा कर खोल दिया ,जो कई सवाल खड़े करता है जिससे कमेटी की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं और दान पेटी में जो राशि लगभग तीन लाख के क़रीब थी वो भी गायब कर दी।

रजत ठाकुर ने कहा कि मंदिर में रखी जाने वाली स्थायी दान पेटी को भी समय-समय पर नहीं खोला जाता और उसके आय-व्यय का कोई सार्वजनिक लेखा-जोखा सामने नहीं लाया जाता।

उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर प्रशासन पारदर्शिता बरतने में पूरी तरह विफल रहा है, जिससे श्रद्धालुओं में भी असंतोष बढ़ रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि हर रविवार को मंदिर परिसर में लगाए जाने वाले लंगर में भी अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। लंगर लगाने वाले श्रद्धालुओं से 30 हजार रुपए प्रति भंडारा के लिए जाते हैं, लेकिन इस राशि का उपयोग किस प्रकार किया जा रहा है, इसका कोई स्पष्ट विवरण जनता के सामने नहीं रखा गया है। आज दिन तक लगभग डेढ़ सौ से अधिक भंडारे इन तीन सालों में लग चुके हैं।

रजत ठाकुर ने मांग की है कि मंदिर कमेटी तुरंत दान पेटियों का पूरा हिसाब सार्वजनिक करे और जमा राशि को नियमानुसार सरकारी खाते में जमा करवाए। उन्होंने प्रशासन से भी इस मामले की जांच करवाने की मांग करते हुए कहा कि यदि अनियमितताएं पाई जाती हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द पारदर्शिता नहीं लाई गई तो इस मुद्दे को जन आंदोलन के रूप में उठाया जाएगा और माननीय उच्च न्यायालय में ले जाया जाएगा जिसमें कमेटी के सभी सदस्यों को पार्टी बनाया जायेगा । वहीं, स्थानीय लोगों चंद्रमणि सकलानी, निवर्तमान प्रधान शैलेंद्र सिंह,सुरेश कुमार,चमन लाल ,राकेश कुमार, सुनील कुमार, अनिल कुमार ने भी इस मामले में स्पष्टता की मांग करते हुए मंदिर कमेटी से जवाब देने की अपेक्षा जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story