मंडी में कमलासन पर विराजे बाबा भूतनाथ : 1100 कमल के फूलों से हुआ भव्य श्रृंगार

WhatsApp Channel Join Now
मंडी में कमलासन पर विराजे बाबा भूतनाथ : 1100 कमल के फूलों से हुआ भव्य श्रृंगार


मंडी, 12 अगस्त (हि.स.)। ऐतिहासिक बाबा भूतनाथ मंदिर में धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ विशेष पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने देवाधिदेव महादेव के चरणों में भक्ति का भाव निवेदित कर क्षेत्र की सुख,समृद्धि और मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा की प्रार्थना की। कार्यक्रम का शुभारंभ एक भव्य कलशयात्रा के साथ हुआ। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शिवा बावड़ी से सिर पर जल के लोटे उठाकर राज देवता माधव राय मंदिर में शीश नवाजते हुए बाबा भूतनाथ पहुंचे। संध्या आरती से पूर्व बाबा भूतनाथ का 1100 कमल पुष्पों से अलौकिक एवं दर्शनीय श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे।

मंदिर परिसर में दिनभर चले भजन-कीर्तन में श्रद्धालुओं ने मग्न होकर शिव महिमा का गुणगान किया। मंदिर के महंत देवानंद सरस्वती ने बताया कि यह संपूर्ण आयोजन अपार उत्साह, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। वीरवार को मंदिर भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story