अपने इलाके की बाड़बंदी को फेरी पर निकले ऋषि मार्कण्डेय मंगलौर
मंडी, 29 नवंबर (हि.स.)। मंडी और कुल्लू सराज के आराध्य देवता मार्कण्डेय ऋषि मंगलौर अपनी 9 दिवसीय गढ़ फेरी पर पूरे लाव लश्कर के साथ निकले हैं। रविवार को देवता ने करीब 500 देवलुओं के साथ कुल्लू जिला की सीमा पार कर मंडी में प्रवेश कर लिया है। देवता ने अपने गढ़ ओड़ा थनाहल गांव पहुंचकर प्राचीन स्थल छुआ और रात्रि विश्राम बाहुगी गांव में किया। पिछले तीन दिनों से चल रही ये फेरी पहले दिन देवता के मूल स्थान गांव मंजा से शुरू होकर खूंदन तक पहुंची और रात्रि विश्राम शराई में देवता घुडालू की कोठी में हुआ।
दूसरे दिन फेरी शराई से वाया रोपा गांव होकर तरगाली पहुंची जहां देवी हंसवाहिनी बागान के साथ देवता का भव्य मिलन हुआ। तीसरे दिन फेरी मंगलौर से होकर 5 किलोमीटर की सीधी चढ़ाई चढ़कर सौंआबुन पहुंची जहां प्राचीन ओड़ा छुकर देवता रात्रि विश्राम के लिए बाहुगी गांव पहुंचा। खास बात यह है कि जहां भी देवता पहुंच रहा है वहां उसी गांव के लोग सभी मेहमान देवलुओं को 5 से 10 लोग एक परिवार को बांटकर उनकी मेहमाननवाजी कर रहे हैं। यहां आज भी इस फेरी में पगलू परंपरा ज़िदा हैं और जिस देवलु को जो घर रात्रि विश्राम के लिए देवता के कारिंदे देंगे वहां उसको जाना जरूरी होता है।
देवता मार्कण्डेय ऋषि की ये फेरी सोमवार को बालीचौकी बाजार होकर शल्याउडी गांव पहुंचेगी। बता दें कि ये फेरी इसलिए भी महत्त्वपूर्ण है कि देवता जहां से भी गुजरेगा वहां हर वर्ग के लोगों को देवता दर्शन के लिए उपलब्ध रहता है। देवता के साथ पूरे वाद्य यंत्र और देवगण चलते हैं। ऐसी मान्यता है कि ये फेरी 12वें या 18वें वर्ष ही देव आदेश से निकलती है। इससे पूर्व ठीक 13 वर्ष पहले फेरी निकली थी।
देवता के कारदार जीवन चंद शास्त्री का कहना है कि जब भी देवता का नया रथ बनता है। कोई नया श्रृंगार का सामान देवता में लगता है ,तो देवता अपने इलाके की बाहरी अदृश्य शक्तियों और बीमारियों से बचाने के लिए अपने हरियान क्षेत्र की बाड़बंदी करते हैं। जिसे स्थानीय बोली में कार बांधना भी कहते हैं। इसी के साथ देवता अपने उन लोगों को इस फेरी के माध्यम से आशीर्वाद भी देते हैं। जिन्होंने देवरथ के निर्माण और श्रृंगार में अपना योगदान दिया हो।
देवता मार्कण्डेय ऋषि मंडी और कुल्लू सराज के एकमात्र ऐसे देवता हैं जिनका हरियान क्षेत्र दो रियासतों में पड़ता है। इसलिए ही इनको दो राज और दो सराज मंडी और कुल्लू सराज के आराध्य देवता के रूप में जाना जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

