लेखिका रजनी बाला ने डीसी गंधर्वा राठौड़ को भेंट किया लघु उपन्यास ‘धुंध और परछाई’

WhatsApp Channel Join Now
लेखिका रजनी बाला ने डीसी गंधर्वा राठौड़ को भेंट किया लघु उपन्यास ‘धुंध और परछाई’


हमीरपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिला हमीरपुर की प्रसिद्ध लेखिका रजनी बाला ने शनिवार को उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ को अपने नव-प्रकाशित लघु उपन्यास ‘धुंध और परछाई’ की प्रति भेंट की। उपायुक्त ने रजनी बाला की इस साहित्यिक कृति की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

रजनी बाला का यह लघु उपन्यास आज की युवा पीढ़ी की मानसिकता पर आधारित एक यथार्थवादी रचना है। पुस्तक दर्शाती है कि किस प्रकार आकर्षण और स्वार्थ के भटकाव में पड़कर कई युवा अपना कीमती समय व कॅरियर दांव पर लगा देते हैं। यह उपन्यास विपरीत परिस्थितियों से उबरकर आत्मनिर्भर बनने और दृढ़ संकल्प से सफलता पाने का एक सशक्त संदेश भी देता है।

हिंदी में एमए और एमफिल डिग्रीधारक रजनी बाला लगभग तीन दशकों से अध्यापन, सृजन एवं लेखन से जुड़ी हुई हैं। लंबे और समृद्ध शिक्षण अनुभव के बाद उन्होंने इसी वर्ष अपनी सेवा से विराम लिया, ताकि अपने साहित्यिक सरोकारों को पूर्ण विस्तार दे सके। एक संवेदनशील कवयित्री के रूप में वह विभिन्न मंचों पर आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित कवि सम्मेलनों में सक्रिय रूप से भाग लेकर अपनी कविताओं की प्रस्तुतियां देती रही हैं।

रचनात्मकता के साथ-साथ उनके जीवन में खेल और संस्कृति का भी गहरा प्रभाव रहा। वह स्कूल और कालेज स्तर पर हॉकी की बेहतरीन खिलाड़ी रही हैं। सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों में भी वह अग्रणी रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766080 Articles

Share this story