अटल का हिमाचल से आत्मीय रिश्ता, उनके विचार आज भी प्रदेश को दिशा दे रहे : राकेश जमवाल

WhatsApp Channel Join Now
अटल का हिमाचल से आत्मीय रिश्ता, उनके विचार आज भी प्रदेश को दिशा दे रहे : राकेश जमवाल


मंडी, 31 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में द्रंग विधानसभा क्षेत्र के शिवाबदार में अटल स्मृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जमवाल ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम में विशेष रूप से द्रंग के विधायक पूर्ण चंद तथा भारतीय जनता पार्टी मंडी जिला अध्यक्ष निहाल चंद उपस्थित रहे। इसके अलावा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस अवसर पर राकेश जमवाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयीका हिमाचल प्रदेश से भावनात्मक और विकासात्मक दोनों ही दृष्टि से गहरा नाता रहा है। अटल जी ने अपने प्रधानमंत्रित्व काल में हिमाचल जैसे पर्वतीय राज्यों की भौगोलिक कठिनाइयों को समझते हुए विशेष सहायता और योजनाएं प्रदान कीं। चाहे राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार हो, सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास हो या ग्रामीण सड़कों का जाल—अटल जी की नीतियों ने हिमाचल के विकास को नई गति दी।

उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता आज भी अटल जी को अपने परिवार के सदस्य की तरह याद करती है। विधायक राकेश जमवाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी केवल भारत के प्रधानमंत्री नहीं थे, बल्कि वे राजनीति में सुशासन, शालीनता और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे। उन्होंने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की सोच को साकार किया। अटल जी के विचारों से प्रेरित होकर ही भारतीय जनता पार्टी एक वैचारिक आंदोलन के रूप में आगे बढ़ी और आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।

उन्होंने अटल जी के ऐतिहासिक निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि पोखरण परमाणु परीक्षण ने भारत को वैश्विक मंच पर आत्मनिर्भर और शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने गांव-गांव को विकास से जोड़ा, जिससे पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों को विशेष लाभ मिला। स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना ने देश के आर्थिक ढांचे को मजबूत किया, वहीं शिक्षा, संचार और बुनियादी ढांचे में किए गए सुधारों ने भारत को 21वीं सदी के लिए तैयार किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story