विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने दी होली की शुभकामनाएँ

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने दी होली की शुभकामनाएँ


शिमला, 03 मार्च (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने देश एवं प्रदेशवासियों को होली के पावन पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा कि होली भारत का एक अत्यंत प्राचीन और सांस्कृतिक महत्व वाला पर्व है, जिसे होली, होलिका या होलाका के नाम से जाना जाता है। बसंत ऋतु में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाने वाला यह रंगों का त्योहार बसंतोत्सव और काम-महोत्सव के रूप में भी प्रसिद्ध है।

उन्होंने बताया कि होली के प्रथम दिन होलिका दहन किया जाता है, जबकि दूसरे दिन धुलेंडी, धुरहड़ी, धुरखेल अथवा धूलिवंदन के रूप में रंगों का उत्सव मनाया जाता है। इस अवसर पर लोग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएँ देते हैं, ढोल-नगाड़ों के साथ होली के गीत गाते हैं और मिठाइयाँ बाँटकर खुशियाँ साझा करते हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि देवभूमि हिमाचल मेलों और त्योहारों की समृद्ध परंपरा के लिए देश-विदेश में विख्यात है। मेले और त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं, जो पारस्परिक सौहार्द को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्रीय संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होली मेलों ने वर्षों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। अंत में उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, अनेक सफलताएँ और अपार खुशियाँ लेकर आए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story