नवरात्र मेले में बालासुंदरी के दरबार चढ़ा 1.67 करोड़ का चढ़ावा, 1.32 लाख श्रद्धालुओं ने नवाया शीश

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्र मेले में बालासुंदरी के दरबार चढ़ा 1.67 करोड़ का चढ़ावा, 1.32 लाख श्रद्धालुओं ने नवाया शीश


नाहन, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्ति स्थल महामाया श्री बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में 15 दिवसीय अश्विनी नवरात्र मेले का सोमवार को पूर्णिमा के अवसर पर हवन-यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ समापन हो गया।

मेले के दौरान 1,32,700 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने इस दौरान 1 करोड़ 67 लाख 4 हजार 287 रुपये नकद चढ़ावे के रूप में अर्पित किए। इसके अलावा माता के चरणों में 28 तोले सोना और 21 किलोग्राम चांदी भी चढ़ाई गई।

मेले के समापन अवसर पर उपमंडलाधिकारी नाहन एवं संयुक्त आयुक्त त्रिलोकपुर मंदिर न्यास राजीव सांख्यान ने परिवार सहित मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने हवन-यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने के साथ कन्या पूजन भी किया।

राजीव सांख्यान ने बताया कि अश्विनी नवरात्र मेला 2026 के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने मेले के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन के लिए मंदिर के कर्मचारियों, पुलिस तथा होमगार्ड प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767050 Articles

Share this story