शिमला के दिनेश भट्ट दिल्ली हाईकोर्ट में जज बने

WhatsApp Channel Join Now
शिमला के दिनेश भट्ट दिल्ली हाईकोर्ट में जज बने


शिमला के दिनेश भट्ट दिल्ली हाईकोर्ट में जज बने


शिमला, 22 सितंबर (हि.स.)। शिमला के रहने वाले और दिल्ली उच्च न्यायिक सेवा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश भट्ट (57) को राष्ट्रपति ने दिल्ली हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया है। उन्होंने मंगलवार को पद की शपथ ग्रहण की।

न्यायमूर्ति दिनेश भट्ट का जन्म वर्ष 1969 में शिमला में हुआ था। सेंट एडवर्ड्स स्कूल से 12वीं पास करने के बाद उन्होंने संजौली कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई की। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से 1993 में उन्होंने एलएलबी की डिग्री प्राप्त की और हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में वकालत की शुरुआत की।

दिल्ली उच्च न्यायिक सेवा में 2008 में उनका चयन अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पद पर हुआ। उस परीक्षा में उन्होंने सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया था।

दिल्ली उच्च न्यायायिक सेवा में 16 वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न अदालतों में महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। उन्होंने दिल्ली में जिला एवं सत्र न्यायाधीश और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर भी कार्य किया।

स्वयंसेवी संस्था उमंग फाउंडेशन के अध्यक्ष व हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से सेवानिवृत्त प्रोफेसर अजय श्रीवास्तव ने बताया कि शिमला में पढ़ाई और वकालत करने के दौरान न्यायमूर्ति दिनेश भट्ट ने दिव्यांगों, बेसहारा महिलाओं, बुजुर्गों और गरीब मरीज़ों की मदद के साथ ही वृक्षारोपण जैसी सामाजिक गतिविधियों में भी योगदान किया। वह नियमित रक्तदाता भी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story