सेब सीजन के लिए शिमला में विशेष ट्रैफिक प्लान, शहर में नहीं आएंगे सेब से लदे ट्रक
शिमला, 15 जुलाई (हि.स.)। सेब सीजन 2026 के दौरान सेब की ढुलाई सुचारु रखने और आम लोगों की आवाजाही पर कम से कम असर पड़े। इसके लिए शिमला पुलिस ने विशेष यातायात योजना लागू की है। यह व्यवस्था जिला प्रशासन और दूसरे संबंधित विभागों के साथ मिलकर तैयार की गई है। योजना में मानसून के दौरान भूस्खलन, सड़क बंद होने और बढ़ते यातायात दबाव को ध्यान में रखा गया है।
पुलिस ने सेब से जुड़े वाहनों की आवाजाही पर नजर रखने और यातायात नियंत्रित करने के लिए भट्टाकुफर स्थित फल मंडी ढली, शोगी, बेखलटी (फागू), मेहली, छराबड़ा और मशोबरा बाइफरकेशन समेत प्रमुख स्थानों पर पुलिस नाके और बैरियर लगाने का फैसला किया है। शोगी और छराबड़ा में 24 घंटे नाके काम करेंगे। यहां वाहनों की चरणबद्ध आवाजाही, यातायात की निगरानी और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा कुड्डू, फागू, नैणा, गुम्मा (नेरवा), बालाग और शोगी में 24 घंटे नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर सेब ढुलाई में लगे चालकों और सहायकों के दस्तावेजों की जांच, पहचान पत्र जारी करने, यातायात पर नजर रखने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का काम होगा।
भट्टाकुफर फल मंडी क्षेत्र में भी विशेष व्यवस्था की गई है। सेब से लदे ट्रक और अन्य भारी मालवाहक वाहन शिमला शहर में प्रवेश नहीं करेंगे। उन्हें ढली–मेहली–शोगी बाईपास मार्ग से भेजा जाएगा। सेब से लदे ट्राले सुबह पांच बजे से रात साढ़े आठ बजे तक ठियोग–शिमला मार्ग पर नहीं चल सकेंगे। ढली चौक से भट्टाकुफर तक सड़क किनारे पार्किंग पर रोक रहेगी। इंतजार कर रहे वाहनों के लिए ढली–फागू मार्ग पर अलग स्थान तय किए गए हैं। यातायात सुचारु रखने के लिए शोगी, फागू और छराबड़ा से वाहनों को चरणबद्ध तरीके से रवाना किया जाएगा। सड़क पर खड़े या खराब हुए वाहनों को तुरंत हटाया जाएगा।
ठियोग, रामपुर, रोहड़ू और चौपाल उपमंडलों में भी नियंत्रण कक्ष, होल्डिंग प्वाइंट, वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग स्थल और संवेदनशील स्थान पहले से चिन्हित किए गए हैं। इन क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जिससे सेब की ढुलाई बिना रुकावट जारी रह सके।
पुलिस मुख्यालय ने इस व्यवस्था के लिए सात अतिरिक्त रिजर्व उपलब्ध कराए हैं। पूरे सेब सीजन के दौरान जिले में करीब 300 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।
शिमला पुलिस ने बागवानों, परिवहन संचालकों, आढ़तियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों से निर्धारित यातायात व्यवस्था और समय का पालन करने की अपील की है। साथ ही फल मंडियों के आसपास अनावश्यक पार्किंग से बचने और मानसून के दौरान यात्रा करते समय सावधानी बरतने को कहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

