फल मंडियों में टाइडमैन सेब की दस्तक, नाशपाती को मिले सेब से बढ़िया दाम

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 25 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की फल मंडियों में इस साल के सेब सीजन की शुरुआत हो चुकी है और टाइडमैन किस्म का सेब बाजार में पहुंचने लगा है। लेकिन सीजन के शुरुआती दौर में एक दिलचस्प तस्वीर देखने को मिल रही है। वर्षों से मंडियों का प्रमुख फल रहा सेब फिलहाल नाशपाती से पीछे नजर आ रहा है। शिमला की भट्टाकुफर फल मंडी में मोटी डंडी किस्म की नाशपाती का अधिकतम भाव 2200 रुपये प्रति बॉक्स तक पहुंच गया है, जबकि टाइडमैन सेब का अधिकतम भाव 2000 रुपये प्रति बॉक्स दर्ज किया गया है।

मंडी में इन दिनों मोटी डंडी नाशपाती 1000 रुपये से लेकर 2200 रुपये प्रति बॉक्स तक बिक रही है। दूसरी ओर टाइडमैन सेब के दाम 1100 रुपये से 2000 रुपये प्रति बॉक्स के बीच चल रहे हैं। नाशपाती को मिल रहे ऊंचे दामों से बागवानों में उत्साह है। उनका कहना है कि इस बार नाशपाती की गुणवत्ता बेहतर है और बाजार में इसकी मांग भी अधिक बनी हुई है। यही वजह है कि व्यापारियों के बीच इसकी खरीद को लेकर प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।

हालांकि सेब उत्पादकों के लिए भी स्थिति निराशाजनक नहीं है। आढ़तियों का कहना है कि अभी मंडियों में पहुंच रहा सेब पूरी तरह परिपक्व नहीं है। शुरुआती खेप में गुणवत्ता मिश्रित रहने के बावजूद सेब को अच्छे दाम मिल रहे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि जुलाई में जब बेहतर गुणवत्ता वाला और अधिक मात्रा में सेब बाजार में पहुंचेगा तो कीमतों में और मजबूती देखने को मिल सकती है।

इस बीच भट्टाकुफर मंडी में गाला सेब की आमद भी शुरू हो गई है। कोटगढ़ से पहुंचे गाला सेब के पहले छह बॉक्सों को मंडी में अच्छे दाम मिले। गाला सेब का आधा बॉक्स 1600 रुपये में बिका, जिससे बागवानों में उत्साह बढ़ा है। फल कारोबारियों का मानना है कि जुलाई से सेब सीजन पूरी रफ्तार पकड़ लेगा और मंडियों में आवक बढ़ने लगेगी।

ढ़ली मंडी आढ़ती एसोसिएशन के सचिव बीटू ने बताया कि टाइडमैन सेब की शुरुआती खेप मंडियों में पहुंच चुकी है और यह 1100 से 2000 रुपये प्रति बॉक्स तक बिक रहा है। वहीं मोटी डंडी नाशपाती के दाम 1000 से 2200 रुपये प्रति बॉक्स तक मिल रहे हैं। उनके अनुसार फिलहाल आकर्षक आकार, बेहतर रंग और अच्छी गुणवत्ता वाली नाशपाती की मांग अधिक है। इसी कारण सीजन की शुरुआत में नाशपाती ने दामों के मामले में सेब को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि आने वाले हफ्तों में सेब की बड़ी खेप बाजार में पहुंचने के बाद तस्वीर बदल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story