नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुराह स्कूल में याद किया अपना बचपन

WhatsApp Channel Join Now
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुराह स्कूल में याद किया अपना बचपन


मंडी, 28 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर शनिवार को मंडी जिला के सराज क्षेत्र स्थित मुराह स्कूल के वार्षिकोत्सव में शामिल हुए । इस अवसर पर उन्होंने अपने बचपन की स्मृतियों को याद किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया और उनकी प्रतिभा, उत्साह एवं आत्मविश्वास की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के वार्षिकोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं होते, बल्कि ये विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करते हैं। बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर अनायास ही अपने बचपन और स्कूल के दिनों की यादें ताजा हो जाती हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि बच्चों से संवाद करना, उनके सपनों और आकांक्षाओं को जानना तथा उनकी प्रतिभा को निखरते देखना सदैव नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करता है। विद्यार्थी ही समाज और प्रदेश का भविष्य हैं। उन्हें शिक्षा के साथ संस्कार, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके शिक्षकों और अभिभावकों को भी बधाई दी। वहीं पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा महिला आरक्षण को सुनिश्चित करने की दिशा में लिया गया निर्णय भारतीय लोकतंत्र को अधिक सशक्त, समावेशी और प्रतिनिधित्वपूर्ण बनाने वाला ऐतिहासिक कदम है।

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को केवल सशक्त बनाने की बात नहीं की, बल्कि उन्हें निर्णय प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उचित भागीदारी देने के लिए निरंतर ठोस कदम उठाए हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि यह निर्णय नारी शक्ति के सम्मान, समान अवसर और राजनीतिक सहभागिता के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784966 Articles

Share this story