मोदी सरकार की नीतियों से भारत बना दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था : अनुराग सिंह ठाकुर
शिमला, 01 जनवरी (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में किए गए अभूतपूर्व आर्थिक सुधारों और प्रभावी नीतियों के चलते भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने कहा कि भारत आज 4.18 ट्रिलियन डॉलर की जीडीपी के साथ जापान को पीछे छोड़ चुका है और आने वाले 2.5 से 3 वर्षों में जर्मनी को पछाड़कर तीसरे स्थान पर पहुंचने की ओर अग्रसर है।
ठाकुर ने कहा कि वैश्विक अस्थिरता और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों के बावजूद भारत की आर्थिक प्रगति मजबूत बनी हुई है। वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में वास्तविक जीडीपी वृद्धि 8.2 प्रतिशत रही, जो बीते छह तिमाहियों में सर्वाधिक है। इसी को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक ने चालू वित्त वर्ष के लिए जीडीपी वृद्धि अनुमान 6.8 प्रतिशत से बढ़ाकर 7.3 प्रतिशत कर दिया है। उन्होंने कहा कि दुनिया की प्रतिष्ठित रेटिंग एजेंसियां भी आने वाले वर्षों में भारत को सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था मान रही हैं।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचते हुए 700 अरब डॉलर के पार चला गया है, जबकि 2014 में यह करीब 311 अरब डॉलर था। उन्होंने इसे मजबूत आर्थिक प्रबंधन और अंतरराष्ट्रीय विश्वास का प्रमाण बताया।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां एक ओर भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है, वहीं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश और अर्थव्यवस्था को बदनाम करने में लगे हुए हैं। ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत विरोधी एजेंडे के अगुवा हैं और उन्हें देश की प्रगति रास नहीं आ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

