भारत की अस्मिता, गरिमा और भारतीय सेना का बार-बार, कांग्रेस की आदत : अनुराग सिंह ठाकुर
हमीरपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल विधानसभा में कांग्रेस नेता जगत सिंह नेगी के भारतीय सेना को लेकर दिए गए दुर्भाग्यपूर्ण बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत की अस्मिता, गरिमा और भारतीय सेना का बार-बार, लगातार अपमान कांग्रेस पार्टी की आदत बन चुका है और जगत नेगी जी को अपने इस बयान के लिए सेना और देश से माफ़ी माँगनी चाहिए।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि एक तरफ़ मोदी जी भारतीय सेना की हौसला अफजाई के लिए उनके साथ हर कदम पर खड़े नजर आते हैं तो वहीं दूसरी तरफ़ कांग्रेसी नेता अपने हाईकमान की खुशामद में सेना का मनोबल तोड़ने का अवसर तलाशते रहते हैं। हिमाचल सरकार में मंत्री जगत सिंह नेगी ने सेना को लेकर जो बयान दिया है, ये इसी प्रवृत्ति का हिस्सा है। राहुल गांधी राफेल को लेकर, ऑपरेशन सिंदूर को लेकर, भारतीय सेना का अपमान करते रहे हैं और पाकिस्तान का गुणगान करते रहे हैं। हिमाचल विधानसभा में, कांग्रेस के मंत्री ने भारतीय सेना के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक बयान दिया है, सेना का अपमान किया है।
अनुराग सिंह ठाकुर में कहा कि कांग्रेसी मंत्री का भारतीय सेना के ख़िलाफ़ बयान अति निंदनीय है, जिसकी जितनी भर्त्सना की जाये कम है। कांग्रेस दिमागी नक्सलियों की वो टोली बन गई है, जो देश की सेना को गाली देकर, अपनी राजनीति चमकाना चाहती है। आख़िर बार-बार भारतीय सेना के शौर्य पर सवाल उठा कर, उनका मनोबल तोड़ कर कांग्रेस हासिल क्या करना चाहती है? सेना के प्रति अपने इस ओछे बयान के लिए जगत सिंह नेगी जी को, हिमाचल कांग्रेस के नेतृत्व को और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को अविलंब भारतीय सेना और देश से माफ़ी माँगनी चाहिए।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस के नेताओं में मंत्रीपद पाने की होड़ और मंत्रिपद खोने का डर इतना फैला हुआ है, कि मुख्यमंत्री को कोई पूछ ही नहीं रहा। हर कोई राहुल गांधी को खुश करने में जुटा है। हर कोई ये साबित करने में जुटा है कि उसमें राहुल गांधी जैसे गुण हैं। मंत्री जगत सिंह नेगी ने सेना को लेकर जो बयान दिया है, ये इसी प्रवृत्ति का हिस्सा है। राहुल गांधी राफेल को लेकर, ऑपरेशन सिंदूर को लेकर, भारतीय सेना का अपमान करते रहे हैं और पाकिस्तान का गुणगान करते रहे हैं। उसी तरह अब विधानसभा में, कांग्रेस के मंत्री ने भारतीय सेना का अपमान किया है। अगर कांग्रेस ने इस घटना पर माफ़ी नहीं माँगी तो हिमाचल की जनता ऐसा आंदोलन शुरू करेगी, कि कांग्रेस सेना का अपमान करना भूल जाएगी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

