मंडी पुलिस ने आग के हवाले किया 64 किलो से ज्यादा चरस के साथ चिट्टा
मंडी, 27 जून (हि.स.)। मंडी पुलिस ने नशे के जखीरे को आग के हवाले करके साफ संदेश दे दिया कि समाज में नशे के लिए कोई जगह नहीं है। इस काम में लगे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस नशे के सौदागरों को लेकर जीरो टोलरेंस की नीति अपनाएगी। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि इसी राज्यव्यापी अभियान में अपना सक्रिय योगदान देते हुए जिला पुलिस मण्डी ने नशे के विरुद्ध अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए ड्रग डिस्पोजल कमेटी के माध्यम से एनडीपीएस अधिनियम के 210 मामलों में जब्त मादक पदार्थों एवं अन्य केस प्रॉपर्टी का विधिवत निस्तारण किया।
इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक , सेन्ट्रल रेंज मंडी, राहुल नाथ, आईपीएस स्वयं मौके पर उपस्थित रहे। उनके साथ पुलिस अधीक्षक, मंडी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मंडी जिला मंडी के समस्त उप पुलिस अधीक्षक तथा सभी थाना प्रभारी भी उपस्थित रहे। सभी वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा न्यायालयों के आदेशों एवं निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया। यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश पुलिस की नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति तथा समाज को नशा मुक्त बनाने की दृढ़ प्रतिबद्धता का परिचायक है।
ड्रग डिस्पोजल के दौरान निम्नलिखित मादक पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नष्ट किया गया। जिसमें चरस 64.733 किलोग्राम, हेरोइन चिट्टा 501.1806 ग्राम, स्मैक 105.78 ग्राम, चूरा पोस्त-अफीम डोडा 8.566 किलोग्राम, भुक्की 57.530 किलोग्राम, पोपी स्ट्रॉ 512 ग्राम, गांजा 146 ग्राम, अफीम के पौधे 1183, भांग के पौधे 2729, स्पास्मो प्रोक्सीवोन गोलियां 120 स्पास्मो प्रोक्सीवोन पैकेट 04 नाइट्राजेपाम टैबलेट 85, स्पास्मो सीआईपी प्लस कैप्सूल 316, कोडीन की बोतलें 12 ,इसके अतिरिक्त 0.886 किलोग्राम अफीम को नियमानुसार सरकारी ओपियम एंड अल्कालॉयड वर्कस को स्थानांतरित किए जाने की संस्तुति की गई।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने कहा कि नशे के विरुद्ध यह अभियान केवल कानून प्रवर्तन तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के सुरक्षित भविष्य एवं समाज को नशा मुक्त बनाने का एक जन आंदोलन है। जिला पुलिस मण्डी भविष्य में भी मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक जन जागरूकता अभियान निरंतर चलाती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

