एंटी चिट्टा अभियान : खेलों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कविता व गानों से किया जागरूक
मंडी, 30 अगस्त (हि.स.)। एंटी चिट्टा अभियान के तहत रविवार को मंडी जिला की ग्राम पंचायत मझवाड़ में एक जागरूकता कार्यक्रम और खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंड विकास समिति सदर मंडी के अध्यक्ष नारायण सिंह गुलेरिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान क्षेत्र की करीब सात पंचायतों के महिला मंडलों, स्कूली बच्चों और स्थानीय युवाओं द्वारा विभिन्न माध्यमों के द्वारा सभी उपस्थित जनों को चिट्टे के दुसप्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। इसमें समूह गान, एकल गान, कविता, नाटक आदि के द्वारा जागरूकता फैलाई गई। वहीं इस दौरान वॉलीबाल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया। जिसमें डेढ़ दर्जन के करीब टीमों ने भाग लिया और खेलों के माध्यम से सभी को फिट रहने और नशे का प्रयोग न करने संदेश दिया। खेल प्रतियोंगिताओं में सभी प्रतिभागियों ने खेल में बेहतर प्रदर्शन किया।
पंचायत समिति अध्यक्ष नारायण सिंह गुलेरिया ने प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा की चिट्टे का अंत समाज, प्रशासन व सरकार के बेहतर तालमेल के अलावा गांव में आमजन व महिला मंडलों के प्रयासों से संभव हो सकता है। उन्होंने सभी से एंटी चिट्टा अभियान का हिस्सा बन हिमाचल प्रदेश से इस बीमारी को जड़ों से उखाड़ फेंकने का आग्रह भी किया। इस कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत मझवाड़ के द्वारा विभिन्न संगठनों व समूहों के सहयोग द्वारा करवाया गया। जिसमें युवक, महिला मंडलों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। समारोह में जिला परिषद सदस्य धर्मपाल ठाकुर, बीडीसी सदस्य देवीराम, सभी वार्ड पंच, पूर्व प्रधान अमर चंदेल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

