अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण आयोजित


मंडी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ओंकार एसोसिएट्स सुंदरनगर के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में कर्मचारियों को अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी प्रभारी चमन लाल ने बताया कि वर्ष 2026 में अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस की थीम रेजिलिएंस स्टार्ट्स एट होम रखी गई है। यह थीम आपदाओं से निपटने के लिए व्यक्तिगत और संस्थागत स्तर पर तैयारी, सतर्कता तथा जागरूकता के महत्व को दर्शाती है। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को प्रयोगशाला में उपलब्ध एबीसी ड्राई केमिकल पाउडर अग्निशमन यंत्रों के उपयोग की जानकारी दी गई।

उन्हें आग की विभिन्न श्रेणियों, जैसे ठोस ज्वलनशील पदार्थ, ज्वलनशील तरल पदार्थ, गैसों, धातुओं तथा खाना पकाने के तेल एवं वसा से लगने वाली आग के बारे में भी बताया गया। साथ ही, एबीसी ड्राई पाउडर अग्निशमन यंत्र की उपयोगिता समझाई गई।

प्रशिक्षण में अग्निशमन यंत्र के उपयोग की पास तकनीक के चार चरणों जैसे पिन खींचना, आग के आधार पर निशाना लगाना, हैंडल दबाना तथा नोजल को दाएं-बाएं घुमाना आदि का अभ्यास करवाया गया। इसके अतिरिक्त, अग्निशमन यंत्रों के नियमित रखरखाव, सुरक्षित निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा और आपातकालीन सावधानियों पर भी जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760180 Articles

Share this story