हिमाचल स्थापना दिवस पर ₹1500 की घोषणा महिलाओं से फिर छल: राकेश ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल स्थापना दिवस पर ₹1500 की घोषणा महिलाओं से फिर छल: राकेश ठाकुर


हमीरपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बार फिर प्रदेश की महिलाओं के साथ छल किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल स्थापना दिवस के अवसर पर ₹1500 देने की घोषणा महज एक लॉलीपॉप है, जिसे पंचायत चुनावों से ठीक पहले राजनीतिक लाभ के लिए प्रस्तुत किया गया है।

राकेश ठाकुर ने वीरवार काे एक बयान में कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने चुनावी वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफलता दिखाई है। महिलाओं को ₹1500 मासिक देने का वादा लंबे समय से अधूरा है और अब बार-बार घोषणाएं कर जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं अब जागरूक हैं और इस तरह के झूठे प्रलोभनों को समझ चुकी हैं।

राकेश ठाकुर ने यह भी जानकारी दी कि भारतीय जनता पार्टी ने आगामी जिला परिषद एवं नगर निकाय चुनावों के लिए चुनाव समिति का गठन कर लिया है। उन्होंने बताया कि पार्टी द्वारा विभिन्न स्तरों पर पैनल तैयार किए जाएंगे और गहन विचार-विमर्श व जांच-पड़ताल के बाद योग्य एवं जीतने वाले उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा संगठनात्मक मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी और कार्यकर्ताओं के सहयोग से हर स्तर पर जीत सुनिश्चित करेगी। पार्टी का उद्देश्य विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के आधार पर चुनाव लड़ना है।

राकेश ठाकुर ने स्पष्ट किया कि भाजपा पार्टी प्रधानी, उप-प्रधानी और पंचायत समिति के उम्मीदवारों के चयन में सीधे हस्तक्षेप नहीं करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से आह्वान किया कि वे आपसी सहमति और समन्वय से उम्मीदवार तय करें, ताकि किसी प्रकार का आंतरिक विवाद न हो और पार्टी को भारी जीत दिलाई जा सके।

उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ता आपसी समझदारी और एकजुटता के साथ आगे बढ़ते हैं, तो पंचायत चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story