बड़े से बड़ा नेता भी संगठन का कार्यकर्ता है, भाजपा में पद नहीं, दायित्व महत्वपूर्ण: अनुराग सिंह ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
बड़े से बड़ा नेता भी संगठन का कार्यकर्ता है, भाजपा में पद नहीं, दायित्व महत्वपूर्ण: अनुराग सिंह ठाकुर


हमीरपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने भाजपा के संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय सहभागिता की मिसाल प्रस्तुत करते हुए समीरपुर मंडल के बूथ नंबर 7 में पन्ना प्रमुख का दायित्व संभाला। मंडल अध्यक्ष अभयवीर लवली ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में उन्हें पन्ना प्रमुख का दायित्व सौंपा।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नेताओं की नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की पार्टी है। भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और बूथ स्तर तक समर्पित भाव से काम करने वाले कार्यकर्ता हैं। पार्टी में दायित्व का महत्व पद की ऊंचाई से नहीं, बल्कि संगठन के प्रति समर्पण, जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना से तय होता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा में बड़े से बड़ा नेता भी संगठनात्मक जिम्मेदारी से जुड़ा रहता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जैसे शीर्ष नेताओं ने भी अपने राजनीतिक जीवन में बूथ स्तर पर संगठन के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई है। यही परंपरा भाजपा को अन्य राजनीतिक दलों से अलग पहचान देती है और प्रत्येक कार्यकर्ता को यह विश्वास दिलाती है कि संगठन में हर जिम्मेदारी समान रूप से महत्वपूर्ण है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पन्ना प्रमुख का दायित्व केवल मतदाता सूची के एक पन्ने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पार्टी और समाज के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की महत्वपूर्ण कड़ी है। पन्ना प्रमुख अपने क्षेत्र के प्रत्येक परिवार और मतदाता से संपर्क बनाए रखते हुए उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को संगठन तक पहुंचाने का कार्य करता है। चुनाव के समय मतदाताओं से संपर्क के साथ-साथ सामान्य दिनों में भी जनसंपर्क, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और संगठन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना इस जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और बूथ की मजबूती ही पार्टी की वास्तविक ताकत है। स्वयं पन्ना प्रमुख का दायित्व संभालना इस बात का संदेश है कि संगठन में कोई भी जिम्मेदारी छोटी नहीं होती। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी भूमिका पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निभानी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759647 Articles

Share this story