चेतावनी: मंडी में 19 से 23 जुलाई तक जमकर बरसेंगे बादल, 21 और 22 जुलाई को रेड अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now

मंडी, 18 जुलाई (हि.स.)। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मंडी के अध्यक्ष उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग के नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार जिला मंडी में 19 जुलाई से 23 जुलाई, 2026 तक प्रतिकूल मौसम रहने की संभावना है। विशेष रूप से 21 जुलाई और 22 जुलाई को वर्षा की तीव्रता बढ़ने की आशंका है। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार 19 जुलाई को येलो अलर्ट, 20 और 23 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट, जबकि 21 और 22 जुलाई को रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन दिनों जिले के कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है।

उपायुक्त ने सभी नागरिकों और पर्यटकों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने अनावश्यक यात्रा से बचने, नदियों-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों तथा उफनते खड्डों से दूर रहने, अस्थिर ढलानों और ओवरफ्लो पुलों को पार न करने की सलाह दी है। साथ ही आपातकालीन स्थिति के लिए आवश्यक सामान, मोबाइल फोन तथा टॉर्च आदि तैयार रखने का भी परामर्श दिया है।

उपायुक्त ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने, आवश्यक मशीनरी, आपदा राहत दल एवं जरूरी सेवाओं को तैयार रखने तथा अधिकारियों को बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र मंडी से तत्काल संपर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story