चेतावनी के बावजूद नहीं थम रही लापरवाही, बढ़ते जलस्तर के बीच नदी किनारे हो रहे अंतिम संस्कार

WhatsApp Channel Join Now

मंडी, 09 अगस्त (हि.स.)। कोलडैम परियोजना के निचले इलाकों में सतलुज नदी किनारे अंतिम संस्कार किए जाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी की पूर्व चेतावनी और अलर्ट व्यवस्था के बावजूद लोग नदी के बेहद करीब जाकर अंतिम संस्कार कर रहे हैं, जिससे किसी भी समय गंभीर हादसे की आशंका बनी हुई है। रविवार को भी ऐसा ही मामला सामने आया, जब बरमाणा के समीप मंडी क्षेत्र के अलसू में नदी किनारे अंतिम संस्कार किए जाने की सूचना मिली। इस दौरान नदी में पानी छोड़े जाने का निर्धारित समय आगे बढ़ाना पड़ा, ताकि वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

परियोजना प्रबंधन के अनुसार कोलडैम परियोजना से पानी छोड़े जाने पर डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में नदी का जलस्तर कुछ ही समय में तेजी से बढ़ सकता है। कई परिस्थितियों में जलस्तर में चार से पांच मीटर तक की वृद्धि हो सकती है। ऐसे में नदी किनारे मौजूद लोगों के लिए स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती है। स्थानीय स्तर पर लोगों को पानी छोड़े जाने से पहले अलार्म, वाहनों तथा अन्य माध्यमों से सूचना दी जाती है। प्रशासन की ओर से भी समय-समय पर नदी किनारे जाने और गतिविधियां संचालित करने को लेकर सावधानी बरतने की अपील की जाती रही है। इसके बावजूद नदी तटों पर अंतिम संस्कार किए जाने की घटनाएं सामने आना चिंता का विषय है। दो दिन के अंतराल में ऐसे दो मामले सामने आने के बाद सुरक्षा को लेकर एक बार फिर लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

संबंधित अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नदी किनारे अंतिम संस्कार से पहले कोलडेम प्रबंधन एवं स्थानीय प्रशासन अथवा संबंधित अधिकारियों को सूचना देना आवश्यक है। जिससे पानी छोड़े जाने का समय सुरक्षित रूप से निर्धारित किया जा सके।

कोलडैम प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि को हल्के में न लें और अंतिम संस्कार सहित किसी भी गतिविधि के लिए नदी के सक्रिय बहाव वाले क्षेत्र में जाने से बचें। थोड़ी सी सावधानी किसी बड़े हादसे को टाल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story