आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से भविष्य में पैदा होने वाले सामाजिक खतरों पर की चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से भविष्य में पैदा होने वाले सामाजिक खतरों पर की चर्चा


मंडी, 30 सितंबर (हि.स.)।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की मंडी जिला इकाई का सम्मेलन 21 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। जिसमें मंडी जिले के विभिन्न हिस्सों से सैकड़ो प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन की रूपरेखा तय करने के लिए पार्टी की एक बैठक मंडी जिला मुख्यालय में आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ नेता कामरेड राज सिंह मंडयाल ने की। बैठक में तय किया गया कि आगामी 21 अक्टूबर को दशहरे के ठीक एक दिन बाद पार्टी का जिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जिसमें आगामी तीन वर्षों के लिए नए नेतृत्व का चुनाव किया जाएगा।

जिला सचिव मेघ सिंह पालसरा ने बताया कि बैठक में पार्टी एवं इससे जुड़े जन संगठनों को मजबूती प्रदान करने के लिए ठोस रणनीति तय की गई। उन्होंने बताया कि बैठक में देश व प्रदेश में वर्तमान राजनीतिक हालात पर मंथन किया गया। बैठक में विशेष रूप से उपस्थित इप्टा के राष्ट्रीय नेता कामरेड शैलेंद्र ने इन दिनों प्रचलित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से भविष्य में पैदा होने वाले सामाजिक खतरों पर चर्चा करते हुए इसके दुष्प्रभावों से सावधान रहने का आह्वान किया।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की उत्तराखंड इकाई के पूर्व सचिव कामरेड समर भंडारी ने कम्युनिस्ट पार्टी के स्वर्णिम इतिहास पर रोशनी डालते हुए कहा कि आजादी से पहले तथा उसके बाद समाज के हाशिए पर रहने वाले गरीबों, पिछड़ों, वंचितों एवं शोषितों की लड़ाई लड़ने वाला वास्तव में यदि कोई है तो वह केवल और केवल कम्युनिस्ट पार्टी है। बैठक में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय परिषद के पूर्व सदस्य तथा वरिष्ठ अधिवक्ता कामरेड देशराज, पूर्व राज्य सहसचिव कामरेड प्रशांतमोहन, किसान नेता कामरेड हरदेव सिंह, कर्मचारी नेता कामरेड सुरेश, कामरेड धर्मपाल सरोच, पूर्व जिला सचिव कामरेड ललित ठाकुर, कामरेड ज्ञान, कामरेड देवराज, कामरेड जोगिंदर आदि ने अपने विचार रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story