एआई समिट में हुए विरोध पर भाजयुमो का प्रदर्शन, राहुल गांधी से माफी की मांग

WhatsApp Channel Join Now
एआई समिट में हुए विरोध पर भाजयुमो का प्रदर्शन, राहुल गांधी से माफी की मांग


शिमला, 21 फ़रवरी (हि.स.)। राजधानी शिमला में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने दिल्ली में आयोजित एआई इम्पेक्ट समिट के दौरान शनिवार को युवा कांग्रेस के कथित अर्धनग्न प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। भाजयुमो नेताओं ने इस घटना को देश की छवि के लिए नुकसानदेह और शर्मनाक बताया तथा कांग्रेस नेता राहुल गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की।

सीटीओ शिमला पर आयोजित इस धरना-प्रदर्शन में भाजयुमो प्रदेश महामंत्री सुशील कड़शोली मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ संजय सूद, कुसुम सदरेट, कर्ण नंदा, प्यार सिंह कंवर और सुदीप महाजन समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

सुशील कड़शोली ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के एआई इम्पेक्ट समिट जैसे महत्वपूर्ण मंच पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोगों ने पंजीकरण कराया था और कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। ऐसे आयोजन में कपड़े फाड़कर और वाहन पर चढ़कर प्रदर्शन करना भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचाने वाला कदम है।

भाजयुमो नेता ने दावा किया कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां और नारेबाजी की गई, जो किसी भी लोकतांत्रिक विरोध की मर्यादा से बाहर है। उन्होंने कहा कि जब भी राष्ट्रीय हित से जुड़े मुद्दे सामने आते हैं, कांग्रेस नेतृत्व का रुख सवालों के घेरे में आ जाता है।

कड़शोली ने यह भी आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन पूर्व नियोजित था और राहुल गांधी के उकसावे पर कार्यकर्ताओं को एकत्र किया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में युवा कांग्रेस के कुछ पदाधिकारियों को हिरासत में लिया गया है, जो पूरे घटनाक्रम की गंभीरता को दिखाता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तकनीक, नवाचार और वैश्विक मंच पर अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है, जबकि कांग्रेस नकारात्मक राजनीति में उलझी हुई है। उनके अनुसार, कांग्रेस का यह रवैया उसके वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है।

भाजयुमो नेताओं ने कहा कि देशभर में इस घटना को लेकर रोष है और लोग कांग्रेस के आचरण की निंदा कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा युवा मोर्चा देश की गरिमा से जुड़े मुद्दों पर आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story