एआई के ‘80 के दशक’ में पहुंचा हिमाचल का सियासी कुनबा, नेताओं ने साझा कीं रेट्रो तस्वीरें
शिमला, 11 सितंबर (हि.स.)। अगर आज के हिमाचल के नेता अचानक 1980 के दशक में नजर आने लगें तो तस्वीर कुछ ऐसी ही होगी। सोशल मीडिया पर चल रहे 80 के दशक के रेट्रो ट्रेंड ने हिमाचल के सियासी गलियारों में भी दस्तक दे दी है। एआई की मदद से तैयार तस्वीरों में नेता पुराने दौर के कपड़ों, हेयर स्टाइल और अंदाज में नजर आ रहे हैं। कई नेताओं ने अपने परिवार के साथ तस्वीरें साझा की हैं, वहीं कुछ ने एआई की जगह अपने पुराने दिनों की असली तस्वीरें निकालकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की हैं। आम लोग भी इस ट्रेंड में शामिल होकर अपनी तस्वीरों को 80 के दशक के अंदाज में साझा कर रहे हैं। देशभर में चल रहे इस ट्रेंड में अनुराग ठाकुर भी शामिल हुए हैं।
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपनी पत्नी के साथ एआई से तैयार 80 के दशक की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है। इस तस्वीर को कई हजार लाइक मिल चुके हैं। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी अपनी दिवंगत पत्नी सिमी अग्निहोत्री के साथ तस्वीर साझा की है। एआई से तैयार इस तस्वीर में दोनों को 80 के दशक के अंदाज में दिखाया गया है।
सुक्खू सरकार में मंत्री यादविंदर गोमा और कांग्रेस विधायक आरएस बाली ने भी इस ट्रेंड में हिस्सा लिया है। दोनों ने 80 के दशक के अंदाज में तैयार एआई तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं। कांग्रेस के धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने इस ट्रेंड को अलग अंदाज में अपनाया और 1980 के दशक की अपनी वास्तविक तस्वीर साझा की। इसी तरह भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री विपिन सिंह परमार, भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती और भाजपा विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने अपने परिवार के साथ 80 के दशक के अंदाज में तैयार एआई तस्वीरें साझा की हैं।
सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी 80 के दशक से प्रेरित अपनी एआई तस्वीर साझा की है। उनकी तस्वीर को 40 हजार से अधिक लाइक मिल चुके हैं। राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, शिमला के लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप और कांगड़ा के लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज भी इस ट्रेंड में शामिल हुए हैं। इन नेताओं ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर 80 के दशक के लुक वाली तस्वीरें साझा की हैं।
विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर ने इस चलन को अलग अंदाज दिया। उन्होंने एआई से तस्वीर तैयार करवाने के बजाय 1980 के दशक की अपनी वास्तविक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। इस तस्वीर में वह युवा नजर आ रहे हैं और उन्होंने स्वेटर के साथ ब्लेजर पहन रखा है।
एआई से तैयार की जा रही इन तस्वीरों में मौजूदा तस्वीरों को 1980 के दशक के फैशन और सौंदर्यबोध के अनुरूप बदला जा रहा है। पुरुषों के कपड़ों, बालों की शैली और तस्वीरों के रंग-रूप में उस दौर की झलक दिखाई जा रही है। सोशल मीडिया पर लोगों के बीच इस ट्रेंड को लेकर खासा उत्साह है। राजनीतिक नेताओं के साथ आम लोग भी अपनी पुरानी तस्वीरें साझा कर रहे हैं या एआई की मदद से मौजूदा तस्वीरों को 80 के दशक के अंदाज में बदलकर पोस्ट कर रहे हैं। इससे सोशल मीडिया पर पुराने दौर के फैशन और यादों की एक नई तरह से वापसी देखने को मिल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

