मंडी का डीएवी बना जिले का पहला एआई-रेडी स्कूल जियो ने नवाजा

WhatsApp Channel Join Now
मंडी का डीएवी बना जिले का पहला एआई-रेडी स्कूल जियो ने नवाजा


मंडी, 07 मार्च (हि.स.)। डिजिटल क्रांति के इस युग में शिक्षा के स्तर को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जवाहर नगर मंडी ने एक और स्वर्णिम उपलब्धि अपने नाम की है। प्रतिष्ठित संस्थान जियो द्वारा विद्यालय को जिला मंडी का प्रथम एआई-रेडी स्कूल होने का गौरवपूर्ण सम्मान प्रदान किया गया है। यह मान्यता विद्यालय में एआई क्लासरूम फाउंडेशन कोर्स को सफलतापूर्वक लागू करने और भविष्योन्मुखी शिक्षण प्रणाली को अपनाने के लिए दी गई है। फरवरी 2026 में प्राप्त यह प्रतिष्ठित प्रमाण-पत्र विद्यालय की नवाचार और डिजिटल साक्षरता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस विशेष पाठ्यक्रम के माध्यम से छात्र न केवल किताबी ज्ञान हासिल कर रहे हैं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एआई के आधारभूत सिद्धांतों, मशीन लर्निंग और डिजिटल फ्लुएंसी जैसे आधुनिक कौशलों में भी निपुण हो रहे हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों को केवल तकनीक का उपभोक्ता बनाने के बजाय उन्हें एक सक्रिय क्रिएटर और इनोवेटर के रूप में तैयार करना है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य के. एस. गुलेरिया ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि आज के समय में शिक्षा को अत्याधुनिक तकनीक से जोड़ना अनिवार्य हो गया है। उन्होंने कहा यह सम्मान हमारे विद्यालय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमारा लक्ष्य विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही एआई और डिजिटल तकनीक की बारीकियों से अवगत कराना है, ताकि वे भविष्य की वैश्विक चुनौतियों का आत्मविश्वास से सामना कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story