अग्निवीर भर्ती रैली में आज 278 युवाओं ने भाग लिया, 200 उत्तीर्ण

WhatsApp Channel Join Now
अग्निवीर भर्ती रैली में आज 278 युवाओं ने भाग लिया, 200 उत्तीर्ण


मंडी, 28 मार्च (हि.स.)। सेना भर्ती कार्यालय मंडी द्वारा मुख्यालय भर्ती जोन अंबाला के अंतर्गत पण्डोह में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान युवाओं में जबरदस्त उत्साह और देश सेवा का जज्बा देखने को मिला। शनिवार को उपायुक्त अपूर्व देवगन विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने इस अवसर पर सेना के अधिकारियों से संवाद किया और भर्ती प्रक्रिया को लेकर विविध जानकारी भी प्राप्त की। शनिवार को अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर के लिए मंडी, कुल्लू व लाहौल-स्पिति जिला के कुल 278 युवाओं ने भाग लिया। इनमें से 1.6 कि.मी. की दौड़ में 200 युवा पास घोषित किए गए।

भर्ती निदेशक कर्नल गौतम निशांत ने बताया कि भर्ती पूरी तरह से निष्पक्ष एवं पारदर्शिता के साथ संचालित की गई। इस भर्ती रैली के लिए मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पिति जिला के कुल 2959 युवाओं ने पंजीकरण करवाया था। जिनमें से 2436 अभ्यर्थी रैली में शामिल हुए। आज शारीरिक फिटनेस टेस्ट एवं शारीरिक माप टेस्ट का अंतिम दिन था। इन परीक्षण को पास करते हुए 1684 अभ्यर्थी ही अंतिम मेडिकल के लिए योग्य पाए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story